स्वामीजी की जयंती पर किया सूर्य नमस्कार तथा योगा एवं व्यायाम

वंडर पब्लिक सेंट्रल स्कूल मिहोना में मनाई गई स्वामी विवकानंद की जयंती

मिहोना, 12 जनवरी। मप्र जन अभियान परिषद ब्लाक रौन के समन्वयक जयप्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत स्वामी विवेकानंद जी की जयंती वंडर पब्लिक सेंट्रल स्कूल मिहोना में धूमधाम से मनाई गई।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता ग्राम भारती विद्यालय मेहदा के प्रधानाचार्य अवधेश बघेल ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के कंधों पर टिका हुआ है, यदि युवा जागृत होगा तो देश का विकास होगा, हमें स्वामी विवेकानंद जी जैसे युवाओं से प्रेरणा लेनी चाहिए, तभी उनका जन्मदिवस मनाना सार्थक होगा। यज्ञाचार्य पं. कृष्णस्वरूप पचौरी ने कहा कि स्वामीजी ने शिकागो विश्वधर्म सम्मलेन में अपने उद्बोधन में भारत का नाम रोशन किया है। हमें उनके बताए हुए मार्ग पर चलना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अभिभाषक महेश प्रताप सिंह कुशवाह एवं सफल संचालन वरिष्ठ साहित्यकार हरिबाबू निराला ने किया। सर्वप्रथम संस्था के प्राचार्य अविनाश मसीह ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। आभार प्रदर्शन संस्था के प्रबंधक आशुतोष दौहलिया ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार एवं छात्र/छात्राओं ने सूर्य नमस्कार तथा योगा व्यायाम किए एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर सतेन्द्र सिंह चौहान, पवन शर्मा, अनिल बौहरे आदि उपस्थित प्रमुख थे।