राष्ट्रहित एवं समाजसेवा का संकल्प लेकर अपने बूथ पर 51 प्रतिशत वोट बढ़ाने के लिए कार्य करें : शर्मा

अंतिम छोर तक के व्यक्ति को योजनाओं का लाभ पहुंचाने की जिम्मेदारी नगर पालिका, नगर परिषद की : संध्या राय
नगरीय निकाय पार्षदों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

भिण्ड, 26 दिसम्बर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा, प्रदेश महामंत्री हितानंद शर्मा के निर्देशन में भिण्ड जिले के तीन नगर पालिका भिण्ड, गोहद, लहार एवं नौ नगर परिषद फूफ, अकोड़, मेहगांव, गोरमी, दमोह, आलमपुर, मिहोना, रौन, मालनपुर के नवनिर्वाचित पार्षदों का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सिटी पैलेस परिसर में आयोजित किया गया। जिसमें भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भिण्ड दतिया सांसद श्रीमती संध्या राय, पार्टी प्रदेश मंत्री केशव सिंह भदौरिया, मप्र पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त शैलेन्द्र बरुआ, विधायक संजीव सिंह कुशवाह संजू, अभिनंदन त्यागी मंचासीन रहे।
भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी रमाकांत पटसारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश भाजपा के वक्ताओं ने पांच सत्रों में निर्वाचित पार्षदों को संगठनात्मक विषय पर प्रशिक्षण दिया। उन्हें भाजपा के विचार सिद्धांत एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के मूल मंत्र को लेकर जनता के बीच जनसेवा, राष्ट्रीय विकासशील भारत भाव के साथ कार्य करते हुए पार्षद अपने दायित्व का निर्वाह करें।

प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में भाजपा के वरिष्ठ नेता वेदप्रकाश शर्मा ने कहा कि भाजपा का विचार एवं हमारा समन्वय, हमारी कार्यपद्धती व राष्ट्रहित विचारों को लेकर भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा ने काम किया है जनहित सुखाय पंच निष्ठा मूल मंत्र है, जिस भाव को लेकर हम कार्य कर रहे हैं, पं दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद हमारा मूल्य दर्शन है। भाजपा की सरकारें यही भाव लेकर गरीब कल्याण के विकास के लिए काम कर रही हैं। राष्ट्र जन हिताय सर्वजन सुखाए हमारा विचार है। उन्होंने कहा कि अपनत्व, समन्वय के साथ बूथ केन्द्रों को सर्वव्यापी एवं सर्वस्पर्शी बनाने के लिए अपने-अपने केन्द्रों पर 51 प्रतिशत वोट बढ़ाने के संकल्प को लेकर मजबूत बनाने का कार्य करें। एकजुट और एकमुख के भाव को लेकर भाजपा की सुनामी को लेकर तूफान में बदलने के लिए नगरीय निकाय क्षेत्रों में काम करें।
द्वितीय सत्र में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद श्रीमती संध्या राय ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाएं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व मे योजनाओं को गरीब जन तक पहुंचाने के लिए सरकारी योजनाओं को भाजपा की सरकारे संचालित कर रही हैं, जो अंतिम छोर के व्यक्ति को आगे की पंक्ति में खड़ा करने के लिए आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। तृतीय सत्र में प्रदेश मंत्री केशव सिंह भदौरिया ने कहा कि आयुष्मान भारत कार्ड, महिलाओं के लिए उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, अटल ज्योति योजनाओं को पहुंचाने का कार्य कर रही हैं, नवनिर्वाचित पार्षद केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को सर्व समाज तक ले जाएं और उन्हें लाभ दिलाने का काम करें।
चौथे सत्र में निगम अध्यक्ष शैलेन्द्र बरुआ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित दल है, नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी से नवनिर्वाचित पार्षद जनता की जन सेवा के लिए निष्पक्ष पराकाष्ठा के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को हर वार्ड में ले जाएं। पंचम सत्र में सोशल मीडिया आईडी सेल के संबंध में अभिनंदन त्यागी ने जानकारी दी। प्रशिक्षण का सफल संचालन जिला महामंत्री धीरसिंह भदौरिया एवं आभार जिला मंत्री उपेन्द्र राजौरिया ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अवधेश कुशवाहा, डॉ. रमेश दुबे, संजीव कांकर, नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा बाल्मिक, भाजपा जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष रविसेन जैन, मधुसूदन सिंह भदौरिया, मण्डल अध्यक्ष शेरू पचौरी, टीपू भदौरिया, अमित जैन, भानू भदौरिया सहित वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पार्षदगण सम्मिलित हुए।