राजनीति जनसेवा का माध्यम : डॉ. गोविन्द सिंह

नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने ली पद व गोपनीयता की शपथ

भिण्ड, 18 अगस्त। नगर पालिका परिषद गोहद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व पार्षदों का शपथ ग्रहण जनसंवाद कार्यक्रम मप्र विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह के मुख्य आतिथ्य, कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाह के विशिष्ट आतिथ्य एवं विधायक मेवाराम जाटव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। मंच संचालन एडवोकेट रवि मुदगल ने किया। यहां शपथ ग्रहण तीन चरणों में हुआ। जिसमें सर्वप्रथम महिला पार्षद, द्वितीय पुरुष पार्षद एव अंत में अध्यक्ष श्रीमती मंजू माहोर एवं उपाध्यक्ष सुनील कांकर ने पद व गोपनीयता की शपथ ली।


मुख्य अतिथि की आसंदी से नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने कहा कि राजनीति जनसेवा का माध्यम है, इसलिए हमें पद प्राप्त होने के बाद सदैव जनता के हित काध्यान रखना चाहिए, अन्यथा जनता चप्पल चटकवा देती है। उन्होंने पार्षदों को कहा कि आप ठेकेदारी या धन कमाने के चक्कर में न रहें, जनता ने आप पर भरोसा व्यक्त किया है उसका सम्मन रखे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि वो हराम का खाने से बाज आएं। वो विधायक पर स्वेच्छानुदान राशि से चेक के लिए दवाब न डालें, यह राशि गरीबो के लिए है।
गोहद विधायक मेवाराम जाटव ने कहा कि यह डॉ. गोविन्द सिंह की राजनीतिक परिपक्वता का परिणाम है कि 18 सदस्य की गोहद नगर पालिका में पांच पार्षद होने पर भी हम अध्यक्ष, उपाध्यक्ष बनाने में सफल हुए। अब हम डॉ. साहब के मार्गदर्शन में विकास में गति लाएंगे। कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाह, कांग्रेस के वरिष्ट नेता मुरारीलाल मुदगल, भगवती प्रसाद शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष आशीष गुर्जर, नगर अध्यक्ष टोनी मुदगल, नपा अध्यक्ष श्रीमती मंजू माहौर, उपाध्यक्ष सुनील कांकर, पार्षद शैलेन्द्र दशरथ सिंह ने भी संबोधित किया।