भिण्ड, 06 सितम्बर। आलमपुर नगर के वार्ड क्र.12 में रहने वाले शासकीय स्वास्थ्य कर्मचारी लोकेन्द्र रायकवार व उनकी पत्नी पिंकी पर बीते 29 अगस्त को अर्धरात्रि में घर में घुसकर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया था। उक्त घटना को बीते हुए एक सप्ताह से ज्यादा समय हो गया है। लेकिन अभी तक यह पता नहीं चल सका कि दंपत्ति पर हमला करने वाले कौन लोग हैं? और उन पर किस उद्देश्य से हमला किया गया है। इस घटना को लेकर आलमपुर नगर के लोगों द्वारा कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हांलाकि आलमपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खोजी स्वान, फिंगर एक्सपर्ट टीम को बुलवाया था। इसके अलावा कुछ नजदीकी लोगों से भी पूछताछ की गई। लेकिन इन सब के बावजूद फिलहाल पुलिस को ऐसा कोई क्लू नहीं मिला जिसके सहारे पुलिस आरोपियों तक पहुंच सके। पति-पत्नी दोनों का ग्वालियर में उपचार चल रहा है। जहां पत्नी की हालत में तो सुधार है। किन्तु स्वास्थ्य कर्मचारी लोकेन्द्र रायकवार की हालात अभी भी नाजुक बनी हुई है। संभावना है कि इन दोनों के ठीक होने के बाद शायद इस घटना से पर्दा उठ जाए। इस घटना में लोकेन्द्र रायकवार की पत्नी पिंकी फरयादी बनी हैं और उनके द्वारा आलमपुर पुलिस थाने में अज्ञात दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।