-राष्ट्रीय मांग दिवस पर सीटू का कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन आयोजित
भिण्ड, 11 जुलाई। राष्ट्रीय मांग दिवस के अवसर पर सीटू का जिला कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन वरिष्ठ मजदूर कर्मचारी नेता सीटू के जिला उपाध्यक्ष देवेन्द्र कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। तत्पश्चात श्रमिकों एवं कर्मचारियों की मांगों के निराकरण के लिए एडीएम एलके पाण्डेय को ज्ञापन सौंपा गया।
आन्दोलन कारियों को संबोधित करते हुए देवेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि यह संघर्ष हमारे वर्तमान और भविष्य जुड़ा महत्वपूर्ण संघर्ष है। सरकार ने वेतन निर्धारण कर श्रमिकों से वापस छीन लिया गया है। आंगनबाड़ी कर्मियों को सरकार ना ही मजदूर मानने के लिए तैयार है और ना ही कर्मचारियों का दर्जा देने के लिए तैयार है। हमारे भिण्ड जिले के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में इस समय जिस तरीके से श्रमिकों का शोषण किया जा रहा है। कारखाने में फण्ड, ईएसआई काटा ही नहीं जाता और काटा जाता है तो जमा नहीं किया जाता। स्थानीय लोगों को रोजगार मुहैया नहीं कराया जाता अगर श्रमिक कोई भी मांग करता है तो उसे काम से निकाल दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों के साथ मारपीट तक की जाती है। औद्योगिक क्षेत्र में स्थानीय लोगों को कोई भी प्रबंधक रोजगार नहीं देता है। ऐसी परिस्थितियों में एक व्यापक संघर्ष की जरूरत है। एकजुट होकर आगे बढक़र मुकाबला करना होगा। दोपहर दो बजे से शाम को चार बजे तक भिण्ड जिलाधीश कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। जिसमें चार काली श्रम संहिता वापस लेने सहित आंगनबाड़ी कर्मियों से संबंधित मांगों के निराकरण के लिए समस्याओं पर ध्यान आकर्षित करा कर ज्ञापन एडीएम एलके पाण्डे को सौंपा गया।
आंदोलन का नेतृत्व सीटू जिला उपाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह सेंगर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका एकता यूनियन की जिला अध्यक्ष साधना भदौरिया, जिला महासचिव सीमा जाटव ने किया। आन्दोलन कारियों में मालनपुर सीटू की क्षेत्रीय कमेटी के नेता हरगोविन्द जाटव, लायक राम कुशवाहा, रिंकू गुर्जर, सतीश गौर, रामगोपाल बाल्मीकि, आंगनबाड़ी कर्मियों की नेता सुनीता रेखा श्रीवास्तव, निशा, विनीत शर्मा, ममता, मनोज शर्मा, कीर्ति गुप्ता, अलका शर्मा, ऊषा, विनीता राजावत, ललिता चौहान आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।