देश की स्वतंत्रता में साहित्य एवं समाचार पत्रों की भी अहम भूमिका : डॉ. सेंगर

स्वतंत्रता दिवस पर केशव स्मृति न्यास भवन पर हुआ ध्वजारोहण

भिण्ड, 15 अगस्त। 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केशव स्मृति सेवा न्यास भवन में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में राज्यपाल द्वारा सम्मानित नगर के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सुखदेव सिंह सेंगर एवं विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह जिला संचालक सुनील अग्रवाल एवं न्यास के अध्यक्ष नवल सिंह भदौरिया मंचासीन रहे। अतिथियों ने ध्वजा रोहण एवं सामूहिक राष्ट्रगान के पश्चात भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

मुख्य वक्ता डॉ. सुखदेव सिंह सेंगर ने कहा कि देश की स्वतंत्रता में साहित्य एवं समाचार पत्रों की भी अहम भूमिका रही है, साहित्य समाज का मार्गदर्शन करता है। स्वतंत्रता आंदोलन के समय देश के छोटे-छोटे क्षेत्रों से भी समाचार पत्रों का प्रकाशन हुआ। भिण्ड नगर से दो-तीन समाचार पत्र प्रकाशित हुए। लहार जैसे छोटे स्थान से भी एक समाचार पत्र प्रकाशित हुआ। समाचार पत्रों के दो-दो संपादक हुआ करते थे। एक जेल जाता तो दूसरा प्रकाशन की जिम्मेदारी सम्हालता था। कागज की उपलब्धता न होने पर केले के पत्ते एवं कपडे पर भी समाचार पत्र प्रकाशित हुए। छोटे-छोटे क्षेत्रों से प्रकाशित यह समाचार पत्र जनमानस में सवतंत्रता आंदोलन के प्रति जोश जगाने का काम करते थे।
उन्होंने क्रांतिकारियों को याद करते हुए कहा कि झांसी की रानी लक्ष्मीबाई को अंग्रेजों ने काफी प्रलोभन दिया, लेकिन उन्होंने स्वीकार नहीं किया और अंग्रेजों से लडते हुए ग्वालियर आकर वीरगति को प्राप्त हुईं। डॉ. लक्ष्मी सहगल ने डॉक्टरी की पढ़ाई करने के बाद सुभाषचंद्र बोस के साथ मिलकर आजाद हिन्द फौज में सम्मलित हुई और लक्ष्मी ब्रिगेड का गठन किया। साथ ही जंगल में रहने वाले वनवासी बंधु जो जंगल में पेड पोधों की पत्तियां खाकर जीवन यापन करते थे उनकी चिकित्सा किया करती थी।
अध्यक्षीय उद्बोधन में नवल सिंह भदौरिया ने कहा कि हमारी संस्कृति वसुधैव कुटुंबकम के सिद्धांत को लेकर चलने वाली है। अत: संपूर्ण विश्व एक परिवार है और हमारी संस्कृति विश्व के कल्याण की कामना करने वाली एक मात्र संस्कृति है। अतिथि परिचय न्यास के सचिव कैलाश नगरिया एवं कार्यक्रम का संचालन हर्षवर्धन जैन ने किया। अंत में आभार सदस्य सुभाष गुप्ता ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में समाजसेवी, गणमान्य नागरिक एवं मातृशक्ति उपस्थिति रहे।