भीड थी उन्मादियों की…

– डॉ. सुनील त्रिपाठी ‘निराला’ भिण्ड


भीड थी उन्मादियों की, जो हमें घेरे खडी थी।
थे अधिकतर लोग परिचित, घोर विपदा की घडी थी।।
कुछ तो ऐसे थे कि जिनसे, राखियां बंधवाईं हमने।
और कुछ ऐसे कि जिनके, साथ में देखे थे सपने।।
कुछ तो रिश्ते में हमारे, दाऊ, चाचा, भाई लगते।
क्या हुआ जो आज सबके सब, हमें कस्साई लगते।।
गोद में जिनने खिलाया, लोग ऐसे भी खडे थे।
किंतु चेहरे आज उनके, वासनाओं में सने थे।।
भीड से कुछ लोग आगे को बढ़े, हमको दबोचा।
हम उन्हीं की बेटियां हैं, ये किसी ने भी न सोचा।।
काम जिनका रोकना था, इस भयानक गंदगी को।
वो सभी उकसा रहे थे, हाय री किस्मत तो देखो।।
मान-मर्यादा किसी की, आंख में दिखती नहीं थी।
लग रहा मानो कि, उनके घर कोई बेटी नहीं थी।।
उन दरिंदे भेडियों ने, वस्त्र सारे फाड डाले।
धर दबोचा भेड जैसा, अंग सारे नौंच डाले।।
कर रहे थे साथ हमारे, जो दरिंदे मूंह काले।
कुछ हमारे थे पडोसी, कुछ पडोसी गांव वाले।।
रौंद डाला अस्मिता को, खेल ये चलता रहा था।
भीड ने इतना किया, कि वीडियो बनता रहा था।।
पाश्विकता के घिनौने, खेल में सब खो गया है।
सभ्य दुनिया का घिनौना, सच उजागर हो गया है।।
दोषियों को दण्ड देंगे, बात सब दोहराएंगे।
सांत्वना देने वही, सारे मुखौटे आएंगे।।

मो.98262-36218