सहकारिता मंत्री ने 702.59 लाख से अधिक के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन
भिण्ड, 06 जून। सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने मंगलवार को विकास खण्ड अटेर के ग्राम जवासा, सुरपुरा, कोषण, हमीरापुरा, कल्याणपुरा एवं दुल्हागन में 702.59 लाख से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। साथ ही लाड़ली बहना योजना अंतर्गत स्वीकृति पत्र वितरण किए।
सहकारिता डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से बहनों की जिंदगी में बदलाव आएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार तथा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा सभी वर्गों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान की मंशा है कि जिले का हर गांव आत्म निर्भर हो इसके लिए हम सबको शासन की योजनाओं का लाभ लेते हुए आर्थिक स्वावलंबी होना होगा। उन्होंने केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांव का एक भी व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित ना रहे। यही हम सबका ध्येय है। उन्होंने गांव में मुहैया कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं को भी रेखांकित किया, जिसमें मुख्य रूप से सडक़, बिजली, पानी व खेती के क्षेत्र में हुए नवाचारों के संबंध विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने हर गरीब के आंसू पोछने का कार्य किया है। हर गांव में विकास की रोशनी पहुंचाई है। मप्र आज बीमारू राज्य नहीं बल्कि एक विकसित राज्य की श्रेणी में आ खड़ा हुआ है। विकास की इस गाथा में किसी एक व्यक्ति को श्रेय दिया जाना हो तो नि:संदेह उसका श्रेय मुख्यमंत्री चौहान को जाता है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मुख्यमंत्री ने गरीबी उन्मूलन, कुपोषण, गरीब बेटियों के विवाह और जिनका कोई नहीं है उनके लिए संबल जैसी अभूतपूर्व योजनाएं बनाकर और सफलता से क्रियान्वित कर जरूरत मंदों को लाभान्वित किया है। आज प्रदेश बिजली, पानी, सडक़ के साथ जैविक खेती में भी अग्रणी है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश सरकार द्वारा हर समाज को सशक्त और सक्षम बनाने का कार्य किया जा रहा है। एक समय था जब लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था। आज हमारी सरकार में व्यक्ति को घर-घर जाकर पूछा जा रहा है कि उन्हें लाभ मिला है या नहीं। इतना ही नहीं प्रत्येक पात्रताधारी हितग्राही को लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित कर उनके जीवन में बदलाव लाने का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में एवं मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश में विकास की गंगा बहा दी है। देश के प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प है कि वर्ष 2024 तक कोई भी गरीब झोपड़ी में नहीं रहेगा, हर गरीब अपने पक्के घर में रहेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2024 तक हर गरीब का पक्का घर होगा और जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत हर घर टोंटी वाले नल से पानी पहुंचेगा।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुविधा हेतु प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विभिन्न प्रकार की योजनाएं प्रारंभ की हैं। यह अपने आप में एक अनोखा उदाहरण है। उन्होंने योजनाओं के बारे में बताते हुए कहा कि उज्जवला योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना और अब लाड़ली बहना योजना शुरू की है। मुख्यमंत्री चौहान महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर रूप से कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजना है। लाड़ली बहना योजना के तहत 10 जून को प्रत्येक पात्र महिला के खाते में सिंगल क्लिक से एक हजार रुपए की राशि अंतरित की जाएगी। इस योजना से बहनों की जिंदगी में बदलाव आएगा। इस योजना से न सिर्फ महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण होगा बल्कि बहनों के जीवन में सामाजिक क्रांति की वाहक भी मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बनेगी। इस योजना के माध्यम से पात्र बहनों के खातों में प्रति माह एक हजार रुपए और वर्ष में 12 हजार रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे। 10 जून से खातों में पैसे आना शुरु हो जाएंगे।
उन्होंने लाड़ली बहना योजना अंतर्गत पात्र महिलाओं को स्वीकृति पत्र वितरित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा है कि बहनों तक स्वीकृति पत्र पहुंचाया जाए ताकि मेरी इन बहनों को दफ्तरों के चक्कर न लगाना पड़े, परेशान न होना पड़े। इसलिए जिले में सभी पात्र बहनों को प्रशासनिक अधिकारियों-कमचारियों एवं जन प्रतिनिधियों द्वारा घर-घर जाकर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अटेर क्षेत्र का किसान महनती एवं परिश्रमी है। किसान संपन्न हो इसके लिए सिंचाई की महति आवश्यकता को देखते हुए 150 करोड़ रुपए की कनेरा सिंचाई योजना बनाई है। इससे 15 हजार हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी। हर किसान का सपना होता है कि उसके खेत में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी हो, जो अब पूरा होने जा रहा है।
इन विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन
सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने अटेर विधानसभा के ग्राम जवासा में 100 लाख की लागत से निर्मित शा. उमावि जवासा का लोकार्पण, ग्राम सुरपुरा में 316.06 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। जिसमें ग्राम सुरपुरा में 124 लाख की लागत से उप तहसील (टप्पा) कार्यालय भवन, ग्राम सुरपुरा में 135.37 लाख की लागत से नलजल योजना, ग्राम जलुआपुरा में 24.89 लाख की लागत से नलजल योजना का भूमिपूजन एवं ग्राम छिडिय़ापुरा में 31.80 लाख की लागत से नलजल योजना का लोकार्पण किया। ग्राम कोषण में 120.12 लाख की लागत से कोषण निबुआ की चौकी मार्ग से हमीरापुरा तक लंबाई 2.40 किमी का भूमिपूजन, ग्राम हमीरापुरा में 42.68 लाख की लागत से नल जल योजना का लोकार्पण, ग्राम कल्याणपुरा में 90.73 लाख की लागत से कल्याणपुरा से बौरेश्वर मार्ग लंबाई 1.04 किमी का भूमिपूजन, ग्राम दुल्हागन में 33 लाख की लागत से निर्मित शा. उमावि दुल्हागन का लोकार्पण किया।