भिण्ड, 20 अगस्त। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की जयंती पर नगर कांग्रेस ने अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी के नेतृत्व में विचार गोष्ठी का आयोजन किया। जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व शहर जिलाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा, अध्यक्षता कर रहे कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष संदीप मिश्रा, विशिष्ट अतिथि महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रेखा भदौरिया, प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज, महिला सेवादल की जिलाध्यक्ष स्मिता शर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।
विचार गोष्ठी में मुख्य अतिथि डॉ. राधेश्याम शर्मा ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत में पंचायती राज की शुरुआत की, उन्होंने समाज के सभी वर्गों के लोगों को अत्यधिक प्रभावित किया था। इस राजनीतिक सफलता-कुशलता का कारण यह था कि राजीव गांधी को अपने पिता से अपना काम खुद करो की प्रेरणा मिली थी। राजीव जी कहते थे कि उनको अपने नाना पं. नेहरू से आराम हराम है की प्रेरणा मिली थी। 31 अक्टूबर 1984 को इन्दिरा गांधी की हत्या के बाद जब राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली तो वे विश्व के लोकतंत्र के इतिहास में सबसे युवा प्रधानमंत्री थे। 1984 में ही वे इंका अध्यक्ष बने। उसी दिन राजीव गांधी ने रेडियो और टेलीविजन पर राष्ट्र के नाम संदेश दिया। यह उनका पहला नीतिगत संबोधन था जो कि विज्ञान, टेक्नॉलाजी और राष्ट्र के स्वाभिमान को व्यक्त करता था। यह कहना गलत नहीं होगा कि आज जिस भारत में हम सांस ले रहे हैं। जिस आधुनिक भारत का लोहा आज पूरी दुनिया मान रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सेवा दल के जिलाध्यक्ष संदीप मिश्रा ने कहा कि राजीव गांधी को आधुनिक भारत का शिल्पकार भी कहा जाता है। उन्होंने देश के विकास के लिए नए-नए उद्योग स्थापित किए। अपने प्रधानमंत्री के काल में उन्होंने भ्रष्टाचार को भी खत्म करने का प्रयास किया और देश में पंचायती राज की कल्पना को साकार रूप दिया। नगर कांग्रेस के अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी ने कहा कि भारत में कंप्यूटर क्रांति लाने वाले राजीव गांधी थे, वे भारत में सूचना क्रांति के जनक माने जाते हैं। देश के कंप्यूटराइजेशन और टेलीकम्युनिकेशन क्रांति का श्रेय उन्हें जाता है। स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलवाने का काम उन्होंने किया। मतदाता की उम्र 21 वर्ष से कम करके 18 वर्ष तक के युवाओं को चुनाव में वोट देने का अधिकार राजीव गांधी ने दिलवाया।
इस अवसर पर पान सिंह सुमन, बलराम जाटव, प्रमोद दीक्षित पीसी, संजीव बरुआ, दीपू दुबे, रीना चौहान, पल्लवी, संजय जैन, जानकी, सत्येन्द्र भदौरिया, कुलदीप भारद्वाज, सुखप्रीत मिश्रा, पवन चौरसिया, शैलेन्द्र भदौरिया, अनिरुद्ध त्रिपाठी, हिम्मत सिंह हरिऔध, दर्शन सिंह तोमर, श्रीकृष्ण नरवरिया, मोहम्मद इरफान, छोटू त्यागी आदि कांग्रेसी मौजूद रहे।