हर गांव में फायर बिग्रेड की व्यवस्था नहीं की जा सकती, किसान सतर्कता बरतें

– ररुआ गांव पीडितों से मिलने पहुंचे सांसद, आग बुझाने के इंतजाम न होने पर दी समझाइश

ग्वालियर, 27 अप्रैल। हर गांव में फायर बिग्रेड की व्यवस्था नहीं की जा सकती। आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए किसान सतर्कता बरतें। आग कोई बाहर से नहीं आती नरवाई जलाने से आग फैलती है। जो बडा रूप लेकर नुकसान पहुंचाती है। आगजनी की घटना से ररुआ गांव का किसान बहुत दुखी है। किसानों को आग से जो नुकसान हुआ है उसकी भरपाई की कोशिश सरकार करेगी। यह बात सांसद भारत सिंह कुशवाह ने समझाइश देते हुए कही।
शनिवार को चीनोर थाना क्षेत्र के ग्राम ररुआ में भीषण आगजनी से कई किसानों का नुकसान हो गया है। घटना की जानकारी मिलने पर रविवार को सांसद भारत सिंह कुशवाह भी ररुआ गांव पहुंचे। जहां वे उन्होंने अधिकारियों के साथ आगजनी से पीडित किसानों से मिले और आग लगने से हुए नुकसान पर दुख प्रकट किया। इस दौरान सांसद कुशवाह ने पीडित किसानों से कहा कि सरकार इस दुख की घडी में आपके साथ है। आग से हुए नुकसान की भरपाई के लिए पूरी कोशिश की जाएगी। इस दौरान सांसद ने चीनोर क्षेत्र में फायर बिग्रेड न होने के सवाल पर कहा कि हर गांव में फायर ब्रिगेड उपलब्ध नहीं कराई जा सकती। किसानों को खुद सतर्क रहना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि आग बुझाने के लिए पर्याप्त इंतजाम न होने से क्षेत्र कई गांवों में किसानों का नुकसान हो चुका है। ररुआ गांव में भी भीषण आगजनी की घटना को रोकने के लिए कोई फायर बिग्रेड नहीं पहुंची थी। जिससे कई किसानों के कच्चे मकान, भूसे के कूप, अनाज और वाहन जल गए थे। आग बुझाते समय चार युवक बुरी तरह से झुलस गए थे। जिन्हें उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया था। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह राठौर, कलेक्टर रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह और जिला पंचायत सदस्य जितेन्द्र रावत तत्काल पीडित किसानों के बीच पहुंचे थे।