भक्ति से मनुष्य की कठिनाइयां दूर होती हैं : रामदास महाराज

श्राद्ध पक्ष के मंगलवार को दंदरौआ धाम में श्रृद्धालुओं ने की पूजा

भिण्ड, 10 अक्टूबर। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दंदरौआधाम में श्राद्ध पक्ष के मंगलवार को हजारों श्रृद्धालुओं ने डॉक्टर हनुमान महाराज के दर्शन कर पूजा अर्चना की। इसके साथ ही धाम के महंत महामण्डलेश्वर रामदास महाराज से आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर महंत रामदास महाराज ने कहा कि भगवान को बांधने की शक्ति केवल प्रेम में है, प्रेम से ही भगवान को बांधा जा सकता है। वियोग में मनुष्य का बुढापा बहुत जल्दी आता है, वियोग में व्यक्ति बहुत जल्दी बूढा हो जाता है, क्योंकि वियोग मे उसको ना पहनने की सुध रहती है ना ही भोजन की सुध रहती है और संसार के सभी कार्यों को वियोग में मनुष्य भूल जाता है। भगवान की भक्ति से ही मनुष्य इस संसार की कठिनाइयों को आसानी पार कर सकता है। इस सांसारिक जीवन में समस्या तो सभी मनुष्य को आती हैं, लेकिन जो मनुष्य ईश्वर की भक्ति करता है, धर्म को साथ लेकर चलता है, उसे संसार के कठिन रास्तों से निकलना आसान हो जाता है, इसलिए मनुष्य को सदा धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए। इस मौके पर रामवरन पुजारी, जलज त्रिपाठी, नरसी दद्दा, हरिओम बरुआ, मिच्चू बाबा सहित अनेक श्रृद्धालु मौजूद रहे।