नई शिक्षा नीति के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर विकास की दिशा से जोडा जा रहा है : बरुआ

मप्र पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष ने दो करोड 82 लाख की लागत से बनने वाले पुस्तकालय का किया भूमिपूजन

भिण्ड, 26 अगस्त। मप्र पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री दर्जा शैलेन्द्र बरुआ ने मप्र पाठ्य पुस्तक निगम भोपाल के अनुदान द्वारा दो करोड 82 लाख की लागत से बनने वाले शासकीय जिला पुस्तकालय का पुराना जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में भूमिपूजन किया। साथ ही भवन में संचालित पुस्तकालय का लोकार्पण भी किया।

निगम अध्यक्ष शैलेन्द्र बरुआ ने भूमिपूजन कार्यक्रम में कहा कि अच्छे व्यक्ति का निर्माण शिक्षा करती है। शारीरिक शिक्षा भी हमारे लिए अति महत्वपूर्ण है, जिसके लिए खेल का मैदान बनकर बहुत जल्दी तैयार हो रहा है, जिसका भी भूमिपूजन अति शीघ्र होगा। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के भविष्य को देखते हुए अच्छी शिक्षा के लिए नई शिक्षा नीति की भी शुरुआत की गई है, जो विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर विकास की मुख्य धारा से जोडेगी। जिला मुख्यालय पर एक अच्छा पुस्तकालय का निर्माण किया जा रहा है, इसमें हर प्रकार की पुस्तक एवं छात्र-छात्राओं के लिए सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता पर आधारित पुस्तकें उपलब्ध होंगी और वह अच्छे से तैयारी कर सकेंगे। यह पुस्तकालय हमारे जिले के लिए बहुत बडी सौगात है।
सांसद संध्या राय ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार ने हमारे भिण्ड के विकास की गति को आगे बढाने का काम किया है। हर क्षेत्र में विकास तीव्र गति से आगे बढ रहा है। केन्द्र एवं राज्य सरकार समाज को विकास की धारा से जोडने का कार्य कर रही है। विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने कहा कि विकास और प्रगति के मार्ग पर भिण्ड निरंतर आगे बढ रहा है, भिण्ड में विकास की तस्वीर बदल रही है। नगर पालिका से नगर निगम, मेडिकल कॉलेज, सौ स्तरीय अस्पताल से लेकर ग्रामीण और शहरी अंचल में सडकों का निर्माण कराकर विकास को गति दी गई है और यह लाइब्रेरी भी हमारे विकास की तस्वीर को बदलेगी और विद्यार्थी जिसमें जाकर हर प्रकार की पुस्तकों का अध्ययन कर सकेंगे।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, कलेक्टर संजीव कुमार श्रीवास्तव, मप्र पाठ्य पुस्तक निगम के डिपो मैनेजर दीपक पाण्डे, जिला शिक्षा अधिकारी हरिभुवन सिंह तोमर, डॉ. रमेश दुबे, मप्र राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष कृष्णकांता तोमर, पूर्व जिलाध्यक्ष रविसेन जैन सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।