भिण्ड, 26 मार्च। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने उनके द्वारा गोद ली गई आंगनबाड़ी केन्द्र 36/1 चंबल कॉलोनी का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र की व्यवस्थाओं जैसे साफ सफाई, पेयजल आपूर्ति, पोषण वाटिका सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्र की गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से जीव जंतुओं एवं खेल गतिविधियों के संबंध में चर्चा की।
कलेक्टर ने समूहों द्वारा तैयार कर बच्चों को दिए जाने वाले नाश्ता एवं भोजन की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका से चर्चा कर बालक-बालिकाओं के विकास के लिए की जाने वाली रोचक गतिविधियों का भी अवलोकन किया। इस दौरान महिला एवं बाल विकास अधिकारी अब्दुल गफ्फार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बच्चे उपस्थित रहे।