सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं का सशक्त होना आवश्यक : राजेन्द्री शर्मा

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विचार विमर्श गोष्ठी का आयोजन

भिण्ड, 08 मार्च। आंगनवाड़ी केन्द्र ग्राम डिड़ीखुर्द पर टीकाकरण के साथ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता राजेन्द्री शर्मा ने महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के बारे में बताया कि हमारे जीवन में वैसे तो हर व्यक्ति का अपना-अपना खास स्थान है, लेकिन महिलाएं हमारे जीवन में कई अहम रोल निभाती हैं। कभी मां के रूप में, कभी बहन के रूप में, तो कभी एक पत्नी के रूप में महिलाओं के सम्मान में ही हर साल आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। इस दिन दुनिया भर में महिलाओं के जीवन में सुधार लाने, उनकी जागरुकता बढ़ाने जैसे कई विषयों पर जोर दिया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर साल आठ मार्च को ही अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस क्यों मनाया जाता है? आखिर इसके पीछे ऐसी क्या वजह है, तो चलिए इस बारे में जानते हैं। हमारा समाज जितना भी जागरुक हो जाए, लेकिन आज भी महिलाएं अपने सम्मान के हक की लड़ाईयां लड़ते हुए नजर आती हैं। ऐसे में महिलाओं को लेकर समाज के लोगों को जागरुक करने, महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरुक करने जैसी चीजों के प्रति उन्हें जागरुक करने के लिए हर साल आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। जब हमारे समाज में महिलाओं को बराबरी का हक मिलेगा, वो सम्मान से इस समाज में रह पाएंगी, तभी तो हमारा समाज एक सभ्य समाज कहलाएगा।
कार्यक्रम का संयोजन ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति डीड़ी आशुतोष शर्मा नंदू एवं आकाश शर्मा ने किया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती राजेन्द्री शर्मा, शकुंतला यादव, एएनएम श्रीमती ऊषा चौहान, आंगनवाड़ी सहायिका, आशा कार्यकर्ता एवं गांव की महिलाएं उपस्थित रहीं।