केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने जीरो घाटी की वादियों में सैर कर किया संवाद

नई दिल्ली, 28 सितम्बर। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू के साथ जीरो घाटी की मनमोहक वादियों में सुबह का सैर किया। सुनहरे धान के खेत, हरी-भरी पहाड़ियां, प्रकृति का स्नेहिल आलिंगन और अपातानी समुदाय की आत्मीय गर्मजोशी ने इस सुबह को अविस्मरणीय बना दिया।

इस अवसर पर सिंधिया ने मछुआरों से संवाद कर उनके अनुभव और समस्याएं सुनीं। ग्रामीण जीवन की सहजता और श्रमशीलता को उन्होंने निकट से महसूस किया। जीरो प्रवास के दौरान सिंधिया सैनिकों से भी मिले और उनके साहस, समर्पण और राष्ट्र सेवा की भावना को नमन किया। उन्होंने कहा कि सैनिकों का पराक्रम और मछुआरों का परिश्रम, दोनों ही भारत की शक्ति और आत्मा का परिचायक हैं।
संस्कृति, साहस और समर्पण का संगम
यह यात्रा केवल सैर नहीं, बल्कि संस्कृति, साहस और समर्पण का अदभुत संगम बनी, जिसने क्षेत्र की आत्मा और भारत की विविधता को और गहराई से महसूस करने का अवसर दिया।