ग्वालियर, 14 मई। महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार आमजनों की समस्याओं से रूबरू होकर उनका निराकरण समय सीमा में करने के उद्देश्य से 15 मई को सुबह 11 बजे से एक बजे तक निगम मुख्यालय पर महापौर लोकमंत्रणा करेंगीं। इस कार्यक्रम के तहत महापौर निगम के विभागीय अधिकारियों के साथ बैठकर आम जनों की समस्याएं सुनकर और उनका मौके पर निराकरण भी कराएंगीं।
सिटी सेंटर स्थित निगम मुख्यालय के सभागार में ‘महापौर लोकमंत्रणा’ कार्यक्रम के तहत आमजनों द्वारा जो समस्याएं बताई जाएंगी उनको पंजीबद्ध कर निराकरण किया जाएगा। साथ ही जिन समस्याओं का निराकरण समय सीमा में किया जाना है। उनके लिए निराकरण के पश्चात संबंधित आवेदक को निराकरण के संबंध में जानकारी भी दी जाएगी।
अनुकंपा नियुक्ति के लिए मानक संचालन प्रक्रिया निर्धारित
ग्वालियर। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा अपने कार्य क्षेत्र में कार्यरत कार्मिकों की मृत्यु उपरांत उनके आश्रित सदस्य को दी जाने वाली अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई करने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया निर्धारित कर दी है। कंपनी ने कहा है कि उक्त कार्य में विलंब न हों इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया है। अनुकंपा नियुक्ति के लिए मानक संचालन प्रक्रिया को कंपनी की वेबसाइट पर भी देखा जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए कंपनी के वृत्त तथा क्षेत्रीय कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है।