भिण्ड, 04 सितम्बर। शासकीय माध्यमिक विद्यालय मौ/ घमूरी में 21 वर्ष तक सेवाएं देने वाले इंदर सिंह राणा की उच्च श्रेणी के पद पर पदोन्नति के साथ शा. कन्या उमावि मौ में पदस्थापना होने पर उनके सम्मान में विद्यालय परिवार द्वारा विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया मौ के शाखा प्रबंधक अरुण कुमार अमर, शा. बालक एवं कन्या उमावि मौ के प्राचार्य एमएल वर्मा, पुरुषोत्तम श्रीवास, बलराम आवरे, केरन सिंह यादव, दिनेश यादव, गजराज यादव, गिर्राज श्रीवास्तव, दिनेश, रामनरेश सहित अन्य जनप्रतिनिधि सम्मलित हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षक इन्द्रसिंह राणा ने कहा कि व्यक्ति अपने जीवन में समय का हमेशा सदुपयोग करें। एक बार जो समय निकल जाता है, वह कभी वापिस नहीं आता है। समय का सदुपयोग ही उन्नति का एकमात्र आधार है। हमारा हर छन एक दिन है और प्रत्येक दिन अपने आप में एक जीवन खण्ड है, इसलिए हमें एक एक पल का सदुपयोग करना चाहिए। इतिहास में भी ऐसे कई उदाहरण हैं जिनसे समय के सदुपयोग की महिमा स्पष्ट होती है। समय के सदुपयोग का अर्थ है उचित उपयोग। यानी किसी वस्तु या कार्य को सुनियोजित ढंग से उपयोग करना ही उसका सदुपयोग कहलाता है। स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक अरुण कुमार अमर ने कहा कि जीवन में व्यक्ति को जो भी जिम्मेदारी मिले उसको हमेशा पूरी मेहनत, ईमानदारी के साथ निभाएं।