मप्र राज्य कर्मचारी संघ की बैठक आयोजित
भिण्ड, 04 अक्टूबर। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ जिला इकाई भिण्ड की बैठक शहर के लश्कर रोड पर जनक पैलेस स्थित भारतीय मजदूर संघ कार्यालय पर आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मप्र राज्य कर्मचारी संघ भिण्ड के जिलाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह कुशवाह ने की। बैठक में बतौर अतिथि के बीके तिवारी जिलाध्यक्ष एवं सुरेश चन्द्र बादल जिला मंत्री भारतीय मजदूर संघ भिण्ड एवं मुख्य अतिथि व मुख्य वक्ता के रूप में आरएसएस के विभाग प्रमुख रामशरन पुरोहित मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सुरेश चन्द्र बादल ने किया।
बैठक में राघवेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा कि मप्र राज्य कर्मचारी संघ शासन से मान्यता प्राप्त है, इसलिए हम सभी लोगों को अनुशासित होकर कार्य करना चाहिए। हम पहले अपने कर्तव्य करें तब अधिकारों की बात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन का संक्षिप्त परिचय संगठनात्मक संरचना, गतिविधियां संचालित करने के लिए संगठन की रीति-नीति, राष्ट्रहित सर्वोपरि मानते हुए अपने हित का चिन्तन करना ही संगठन का उद्देश्य है। राष्ट्र या प्रदेश को क्षति पहुंचा कर अपना हित चिन्तन करना इस संगठन का उद्देश्य नहीं है। रामशरण पुरोहित ने कहा कि हम ऐसा कार्य करें कि विरोधी भी हमारी बात माने और सब लोग हमें आदर की दृष्टि से देखें, इसलिए हमें पूर्ण जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करना चाहिए। बीके तिवारी ने कहा के पश्चिम बंगाल में कम्युनिष्टों के द्वारा आंदोलनों में शासकीय संपत्ति एवं निजी संपत्ति का नुकसान करने से उद्योगपति अपने-अपने उद्योग बंद कर अन्य राज्यों में पलायन कर गए उसके कारण वहां बेरोजगारी बढ़ गई एवं उद्योगों का हृास हुआ इसलिए कर्मचारियों को आंदोलन करने से पहले अपने देश और प्रदेश का ख्याल रखना चाहिए। आभार प्रदर्शन सत्यनारायण सोनी ने किया। बैठक में जिला कार्यकारिणी, तहसील व विकास खण्डों के पदाधिकारियों सहित 36 सदस्य उपस्थित रहे।
संघ 10 को मनाएगा स्थापना दिवस
भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ 10 अक्टूबर को अपना स्थापना दिवस भव्यता के साथ मनाएगा। मप्र राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश मन्त्री मुरारी लाल शर्मा व संभागीय सचिव राकेश कुमार श्रीवास्तव मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। जानकारी देते हुए जिलाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह कुशवाह, सचिव सत्यनारायण सोनी जिला एवं कोषाध्यक्ष अवधेश शर्मा ने बताया कि 10 अक्टूबर रविवार को दोपहर 12 बजे शहर के इटावा रोड स्थित सरस्वती शिशु मन्दिर परिसर में कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद भगवान विश्वकर्मा का पूजन, माल्यार्पण एवं आरती, संगठन गीत, उद्बोधन व प्रस्तावों पर चर्चा के उपरांत शाम चार बजे आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।