हम फाउण्डेशन ने आयोजित की स्वामी विवेकानंद को जानो प्रतियोगिता
भिण्ड, 12 जनवरी। स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर हम फाउण्डेशन सामाजिक संगठन द्वारा स्वामी विवेकानंद को जानो प्रतियोगिता का आयोजन बीटीआई रोड स्थित एक अशासकीय विद्यालय में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. इकबाल अली, विशिष्ट अतिथि हरदत्त सिंह राजावत एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. रामानंद शर्मा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत जन-गण-मन राष्ट्रगान एवं स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शैलेश सक्सेना, शाखा अध्यक्ष अरविंद सिंह भदौरिया, सचिव योगेश शर्मा, विकास कुशवाह सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि की आसंदी से हम फाउण्डेशन प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली ने कहा कि सार्वभौमिक भाईचारे और आत्म जागृति से जुड़ा स्वामी विवेकानंद का संदेश आज भी दुनियाभर में व्यापक राजनीतिक उथल-पुथल की वर्तमान पृष्ठभूमि में प्रासंगिक बना हुआ है। स्वामी विवेकानंद भारत के सबसे प्रतिष्ठित आध्यात्मिक नेताओं में से एक थे एक प्रखर विचारक, महान वक्ता और भावुक देशभक्त थे। उन्होंने देश के लिए अपना वर्चस्व न्योछावर करते हुए गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा में समाज को बेहतर बनाने के लिए अथक प्रयास किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रो. रामानंद शर्मा ने स्वामी विवेकानंद के जीवन के बारे में प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत थे, उन्होंने भारत की पहचान पूरी दुनिया में कराई थी। उन्होंने बताया कि स्वामीजी ने जब शिकागो में हुए विश्व धर्म सम्मेलन में जो भाषण दिया, उस पर आज भी हम सभी भारतीय गर्व करते हैं। विशिष्ट अतिथि हरदत्त सिंह राजावत ने बताया कि स्वामीजी का जन्म 12 जनवरी 1863 कोलकाता में हुआ था, स्वामीजी ने अल्पायु में ही आध्यात्मिक मार्ग अपनाकर देश वासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत कर जनसेवा की सीख दी।
अंत में स्वामी विवेकानंद को जानो प्रतियोगिता में अमन सिंह, बलराम सिंह, कंचू यादव, सचिन बघेल, पूनम, शिवानी, लक्ष्मी, डॉली भदौरिया, असलम खान, आशीष, अजय, संजय, पलक राजावत आदि छात्र छात्राओं को शील्ड देकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन अरविंद सिंह भदौरिया ने किया।