रासलीला में किया गया ताड़का वध का मंचन, दर्शक हुए मंत्रमुग्ध
भिण्ड, 11 नवम्बर। जिले के सबसे बड़े धार्मिक स्थल दंदरौआ धाम में सियपिय मिलन समारोह कार्यक्रम का आयोजन 8 नवंबर तक किया जा रहा है। इसमें रासलीला का आयोजन किया जा रहा है। आगामी दिनों में हनुमंत कथा के साथ बागेश्वर धाम के महंत धीरेन्द्र शास्त्री द्वारा दिव्य दरबार लगाया जाएगा।
श्रीश्री 1008 महामण्डलेश्वर मंहत रामदास महाराज के सानिध्य में शुक्रवार को रासलीला में ताड़का वध की कथा का मंचन किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रोतागण मौजूद रहे। समारोह के दौरान 13 नवंबर तक रासलीला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसी दरम्यान 12 नवंबर को दोपहर दो बजे से जगतगुरु रामस्वरूपाचार्य महाराज के प्रवचन होंगे। 14 नवंबर को हनुमंत कथा की शोभायात्रा निकाली जाएगा। बागेश्वर धाम महंत पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री द्वारा हनुमंत कथा के साथ-साथ 15 एवं 16 नवंबर को सुबह नौ बजे से दिव्य दरबार लगाया जाएगा एवं दोपहर एक से हनुमंत कथा का रसपान कराया जाएगा। 18 नवंबर तक सियपिय मिलन समारोह में नियमित 11 दिनों में यज्ञ का भी आयोजन होगा। ग्वालियर के पूर्व विधायक भगवान सिंह यादव, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के पुत्र देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर ने दंदरौआधाम पहुंचकर डॉक्टर हनुमान के दर्शन करके श्रीश्री 1008 महामण्डलेश्वर महंत रामदास महाराज से आशीर्वाद लिया। इस मौके पर मुख्य यजमान अशोक भारद्वाज, महंत कालीदास महाराज तेजपुरा, अशोक जैन, दिनेश शुक्ला, गजेन्द्र सिंह भदौरिया, जलज त्रिपाठी, नरसी दद्दा, नारायण भारद्वाज, अनिल राजपूत सहित अनेक श्रृद्धालु मौजूद रहे।