महाजन का भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

भिण्ड, 06 जुलाई। दीनदयाल शोध संस्थान चित्रकूट के प्रबंध संचालक एवं संघ के प्रचारक रहे एवं चित्रकूट के आस-पास आदिवासी एवं गरीब कल्याण के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं का संचालन कर रहे अभय महाजन का बुधवार को गोरमी में अल्प प्रवास पर समाजसेवी अवध बिहारी लहरिया के वार्ड क्र.15 स्थित आवास पर आगमन हुआ। जहां पर भोजन के उपरांत भाजपा कार्यकर्ताओं से मेल मुलाकात की एवं सभी का हालचाल जाना। इस अवसर पर भाजपा मण्डल अध्यक्ष सुभाष थापक एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने अभय महाजन का शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया।
अभय महाजन ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भिण्ड जिले में आना मेरे लिए बड़ा गौरव का क्षण है। भिण्ड-मुरैना को वीरों की भूमि कहा जाता है, यहां से सेना में हजारों जवान देश सेवा करते हैं। इस अवसर पर श्रीकृष्ण कटारे, जयवीर पुरोहित, अवध बिहारी लहारिया, रक्षपाल सिंह राजावत, देवेश पचौरी, मोनू शर्मा, उज्जवल कटारे आदि भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।