ग्वालियर नगर निगम में उपायुक्त अतिबल सिंह और उनके परिवार पर दहेज प्रताड़ना का मामला हुआ दर्ज

ग्वालियर नगर निगम में उपायुक्त अतिबल सिंह और उनके परिवार पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट व धमकाने का मामला उनकी छोटी बहू रेखा यादव की शिकायत पर दर्ज किया गया है। उपायुक्त की छोटी बहू ने उन पर उनके बेटों, पत्नी व बड़ी बहू पर 20 लाख रुपए मायके से लाने और नहीं ला पाने की स्थिति में लौटकर नहीं आने की धमकी देने का आरोप लगाया है। रुपए की मांग पूरी नहीं हो पाने की स्थिति में भूखे रखना, घर की बिजली बंद कर कहीं चले जाना आदि तरह से प्रताड़ित करने की शिकायत पुलिस पुलिस से की।

यहां यह बताना भी आवश्यक है कि नगर निगम उपायुक्त अतिबल सिंह यादव का नाम व्यापमं कांड में भी आ चुका है। अतिबल सिंह के द्वारा बेटे को सॉल्वर के जरिए प्री मेडिकल टेस्ट मैं पास कराने पर उनके खिलाफ जांच हुई थी । उस समय वह करीब महीने भर तक फरार रहे थे। बाद में लौटने के बाद पूरे मामला सैटल हो गया था।

थाटीपुर निवासी 29 वर्षीय रेखा यादव की शादी 30 जून 2020 को नगर निगम उपायुक्त अतिबल सिंह यादव के बेटे अरुण यादव के साथ हुई थी। शादी का कार्यक्रम होटल शेल्टर में हुआ था। रेखा का कहना है कि उसके पिता ने सगाई के समय 10 लाख रुपए और शादी में 15 लाख रुपए नकद, क्रेटा कार, अरुण को सोने का ब्रेसलेट व अन्य गहने व पूरे परिवार को सोने की अंगूठियां दीं थी। मेरे पिता ने शादी में तकरीबन 90 लाख रुपए खर्च किए थे, लेकिन जब वह ससुराल पहुंची तो कुछ दिन बाद ही उसे कम दहेज लाने के कमेंट सुनने को मिले। ससुर अतिबल यादव, पति अरुण यादव, सास सुमन यादव, जेठ वरुण यादव, जेठानी गौरी दहेज न लाने के उलाहना देते थे। उनका कहना था कि 20 लाख रुपए मायके से लेकर आए तभी उसे अच्छी तरह से रखेंगे। जब मांग पूरी नहीं हुई तो 18 अगस्त 2021 को उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अपने मायके में रही, लगा कुछ समय में सब ठीक हो जाएगा। फरवरी 2022 को वह वापस ससुराल पहुंची, लेकिन सभी के द्वारा मिलकर फिर  प्रताड़ित किया जाने लगा। परेशान होकर रेखा ने महिला थाने में अपनी शिकायत दी।

● पुलिस अधिकारियों का कहना है, कि नगर निगम के उपायुक्त अतिबल व उनके परिवार पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया गया था। मामला दर्ज कर पुलिस आरोपों     की जांच कर रही है। जो भी तथ्य निकलकर जांच में      सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।