प्रकृति एवं पर्यावरण को संतुलित बनाए रखना जैव विविधता है : शिवप्रताप

जैव विविधता का तात्पर्य प्राकृतिक संसाधन से है : खरे
विविध जीवों की बहुलता जैव विविधता : प्रो. अली

भिण्ड, 22 मई। जैव विविधता की समस्या को बनाए रखने के लिए हमारे लिए यह महत्वपूर्ण है कि हम अपनी धरती की पर्यावरण संबंधित स्थिति के तालमेल को बनाए रखें। जैव विविधता जितनी समृद्ध होगी उतनी ही सुव्यवस्थित और संतुलित हमारा पर्यावरण होगा। प्रगति एवं पर्यावरण को संतुलित बनाए रखना जय विविधता है। यह बात जैव विविधता की पूर्व संध्या पर आयोजित संगोष्ठी कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के जिला समन्वय शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने कही।
जन अभियान परिषद, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-2 और हम फाउण्डेशन के संयुक्त तत्वाधान में जिला पंचायत सभागार में स्वच्छ भारत मिशन के अधिकारी राकेश कुमार खरे ने आयोजित जैव विविधता संगोष्ठी में कहा कि जैव विविधता से तात्पर्य प्राकृतिक संसाधन से है, इनका संरक्षण किया जाना जरूरी है, अत्याधिक दोहन के परिणाम हमारे सामने आने लगी है, इसलिए जरूरी है हम तस्वीर से छेड़छाड़ समय रहते बंद कर दें, अन्यथा हमारी भावी पीढ़ी हमें माफ नहीं करेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महेन्द्र चौधरी ने कहा कि जैव विविधता के अंतर्गत पक्षियों वन्यजीवों, जीव-जंतुओं, पेड़ पौधों की अनेकों प्रजातियां जो विलुप्त होती जा रही हैं, उन्हें बचाने के लिए हम सभी को आगे आना होगा। हम यदि पर्यावरण को सुरक्षित नहीं कर सकते तो इसे बर्वाद ना करें। हम अपने कर्तव्य से लगातार पर्यावरण प्रदूषण के लिए स्वयं जिम्मेदार हैं।
मुख्य वक्ता हम फाउण्डेशन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली ने कहा कि विविध जीवों की बहुलता जैव विविधता है। हम सभी को जल स्त्रोतों का संरक्षण तो करना ही है साथ ही साथ जैव विविधता का संरक्षण भी बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज जैव विविधता के संरक्षण हेतु महत्वपूर्ण रणनीतियों की आवश्यकता है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के डॉ. आरए शर्मा, धीरज गुर्जर, राजेन्द्र सिंह राठौड़ और जयप्रकाश शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन शैलेष सक्सेना और आभार विपुल सेठ ने व्यक्त किया। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष अरविंद सिंह भदौरिया, उपाध्यक्ष अरविंद पावक, सचिव योगेश शर्मा, विकास कुशवाह, नोसीन खान, शिवम श्रीवास्तव और एनएसएस इकाई-2 के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

दिलाई गई शपथ

जैव विविधता संगोष्ठी के अवसर पर हम फाउण्डेशन शाखा भिण्ड, विवेकानंद शाखा और गोहद शाखा के पदाधिकारी जिलाध्यक्ष शैलेश सक्सेना, शाखा अध्यक्ष अरविन्द सिंह भदौरिया, शाखा अध्यक्ष विपुल सेठ, उपाध्यक्ष अरविन्द पावक, सचिव योगेश शर्मा, कोषाध्यक्ष नोसीन खान, विकास कुशवाह, शिवम श्रीवास्तव आदि को मुख्य अतिथि शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने शपथ दिलाई।