जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने पर दिया जोर

निगम अध्यक्षद्वय गोटिया एवं बरुआ ने अधिकारियों के साथ की बैठक

भिण्ड, 07 मई। मप्र पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री दर्जा विनोद गोटिया ने पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेन्द्र बरुआ, भाजपा जिलाध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर ने कलेक्टर एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ में बैठक ली। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर, एसपी शैलेन्द्र सिंह चौहान, सीईओ जिला पंचायत जेके जैन, एसडीएम भिण्ड-अटेर उदय सिंह सिकरवार, वीरेंद्र कुमार पाण्डेय वरिष्ठ मार्गदर्शक, प्रबल श्रीवास्तव डीएटीसीसी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


कैबिनेट मंत्री दर्जा विनोद गोटिया ने भिण्ड जिले में पर्यटन की सुविधा किस प्रकार उपलब्ध हो सकती है, आमजन को राहत मिल सके एवं शासन की योजनाओं को समय पर किस प्रकार उपलब्ध हो सके इस संबंध में विस्तृत चर्चा की। प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्य योजना का रोडमैप तैयार कर अपनी आगामी कार्य योजना के बारे में विस्तार से बताया। शासन की योजनाओं को समय पर पूरा करने के संबंध में आश्वस्त किया।
उन्होंने भिण्ड जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों गौरी सरोवर, चंबल नदी, चंबल के बीहड़, दंदरौआ धाम, रावतपुरा धाम, बौरेश्वर मंदिर, पावई मंदिर के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने गौरी सरोवर, चंबल नदी, घडिय़ाल, डॉल्फिन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने समुद्र डॉल्फिन और चंबल डॉल्फिन में क्या अंतर है के संबंध में जानकारी ली।