निजी विद्यालय में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित
मिहोना, 26 अप्रैल। नगर के विद्या भवन पब्लिक स्कूल में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रमेश दुबे ने उपस्थित अभिभावकों एवं छात्र छात्राओं आदि को संबोधित करते हुए कहा कि हमें विद्यालयों में ऐसी शिक्षा प्रदान करना चाहिए, जिससे कि बालक का सर्वांगीण विकास हो, अर्थात छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के अलावा खेलकूद, साहित्य अध्ययन एवं चर्या सुधार संबंधी शिक्षा भी प्रत्येक विद्यालय को प्रदान करना चाहिए।
नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष संतोष बौहरे दादा ने कहा कि प्रत्येक अभिभावक की बालक पर पैनी नजर हो, अर्थात वह विद्यालय के अलावा घर पर क्या कर रहा है इस बात की निगरानी हमारे घर के सदस्यों को करना चाहिए। पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ साहित्यकार हरीबाबू निराला ने कहा कि आज का बालक कल का नागरिक है, उसे राष्ट्र से ओतप्रोत शिक्षा देना चाहिए, जिससे राष्ट्र का विकास हो। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डॉ. एसके राजौरिया ने भी सभी को संबोधित किया। विद्यालय के संचालक कमल किशोर चौधरी ने मंचासीन अतिथियों का स्वागत व अंत में आभार प्रदर्शन किया। इस मौके पर महेश करैया, संतोष लहरिया, पुरुषोत्तम भारद्वाज, योगेन्द्र सिंह भारतीय, अनिल बरुआ, रोहित श्रीवास्तव, डॉ. अमित कुमार, रविन्द्र दुबे, नीरज बौहरे आदि उपस्थित रहे।