नगर गौरव दिवस पर हुआ डॉ. सुनील त्रिपाठी का सम्मान

भिण्ड, 05 मार्च। नगर पालिका भिण्ड द्वारा शुक्रवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी तथा पूर्व विधायक स्व. रघुवीर सिंह कुशवाह की जयंती नगर गौरव दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया, राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया, निगम उपाध्यक्ष डॉ. राजकुमार कुशवाहा, भिण्ड विधायक संजीव सिंह कुशवाह संजू, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, एसपी शैलेन्द्र सिंह चौहान, नपा सीएमओ सुरेन्द्र शर्मा, कार्यालय अधीक्षक राजेन्द्र श्रीवास्तव मंचासीन थे।
इस अवसर पर राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित शिक्षक साहित्यकार डॉ. सुनील त्रिपाठी निराला को काव्य पाठ करने के उपरांत मंच द्वारा सम्मानित किया गया। मंचासीन वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाजवादी विचारक तथा भिण्ड के पूर्व विधायक रघुवीर सिंह कुशवाह के जीवनवृत्त पर प्रकाश डाला। स्व. रघुवीर सिंह कुशवाहा आपातकाल के दौरान जेल में रहे, उनका जन्म 1917 को भिण्ड जिले के पाण्डरी ग्राम में हुआ था। भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में अंग्रेजों का विरोध करते हुए उनको अनेक बार जेल की यात्राएं करनी पड़ीं। स्वतंत्र भारत में भी उनको जेल की यातनाएं सहनी पड़ीं। 1977 में आपातकाल के दौरान ही उनकी मृत्यु हुई। कार्यक्रम के अंत में कार्यालय अधीक्षक राजेन्द्र प्रसाद श्रीवास्तव ने मंचासीन अतिथियों तथा शहर के गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया।