भाटन ताल के पास से शनिदेव की मूर्ति ले गए चोर

भिण्ड, 22 जनवरी। लहार नगर के तालेश्वर मन्दिर भाटन ताल के किनारे वर शनिदेव का मन्दिर था, जहां पर लोग दूर-दूर से दर्शन करने के लिए आते थे, यह शनिदेव का एक प्रसिद्ध मन्दिर था जहां पर शनिदेव महाराज एवं अन्य ग्रहों की मूर्तियां स्थापित थी। जिसमें से शुक्रवार की दरम्यानी रात अज्ञात लोग शनि देव की मूर्ति को उखाड़ कर ले गए, सुबह जब लोग दर्शन करने के लिए पहुंचे तो वहां से शनिदेव की मूर्ति गायब थी। जिसकी सूचना स्थानीय लोगों ने लहार पुलिस प्रशासन को दी। खबर लगते ही लहार थाना प्रभारी कुशल सिंह भदौरिया एवं एसडीएम एआर प्रजापति पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा छानबीन की। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही मूर्ति चोरी करने वाले पकड़ लिए जाएंगे। मामले को पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए चोरों की तलाश शुरू कर दी है, कुछ लोगों का अनुमान है कि मूर्ति चुराने में नशेड़ी लोगों की हरकत हो सकती है। फिलहाल हकीकत क्या है पुलिस जल्द ही सामने लाकर लोगों के सामने रखेगी।
लहार थाना पुलिस ने इस मामले में फरियादी गोपालदास पुत्र शोभाराम राजावत की रिपोर्ट पर धारा 379 भादंवि के तहत प्रकरण दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी है। फरियादी ने बताया कि शनिदेव की मूर्ति संगमरमर से बनी हुई एक फुट ऊंची थी।