काली मां का वेश धारण कर आशा कार्यकर्ताओं ने किया विरोध, बोलीं-सरकार नहीं सुन रही

भिण्ड, 27 जून। काम बंद कर हड़ताल पर बैठी आशा ऊषा सहयोगी संगठन की कार्यकर्ताओं ने रविवार को मां काली का वेश धारण कर लिया। माता की स्तुति एवं पूजा-अर्चना कर सरकार को सद्बुद्धि प्रदान करने की कामना की। आशा कार्यकर्ता राजकुमारी बंसल ने मां काली का पात्र निभाया। संगठन की महिला कर्मचारियों द्वारा पिछले एक माह से कामबंद हड़ताल जिला अस्पताल कैंपस में की जा रही है। प्रदेश संगठन के आव्हान पर आंदोलन निरंतर जारी है, लेकिन शासन इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है। उल्टा मंत्रियों पर ही आरोप लगते नजर आए।
आशा कार्यकर्ता राजकुमारी बंसल ने कहा कि नियमितीकरण के लिए लंबे समय से मांग की जा रही है। सरकार ने भरोसा भी दिला दिया था, लेकिन बाद में मुख्यमंत्री मुकर गए। न्यूनतम वेतन की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में हर दिन संगठन की महिलाएं आंदोलन की रूप रेखा अनोखे ढंग से तैयार कर रही हैं। कभी काली का वेश धारण करती हैं तो पेड़ पर चढ़कर कूदने की धमकी देकर सरकार पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है, मगर शासन का एक भी जिम्मेदार अधिकारी आंदोलनकारियों के बीच उम्मीद की किरण बनकर नहीं पहुंचा है।