भिण्ड, 09 नवम्बर। वार्ड क्र.सात थापक वाली गली गोहद में कबर बिज्जू ने 60 कबूतर मार गिराए, सर्प मित्र ने उसे रेस्क्यू कर पकड़ कर जंगलों में छोड़ा है।
जानकारी के अनुसार बहादुर सिंह यादव निवासी वार्ड 7 गोहद लगभग 20 वर्ष से कबूतर पालने का शौक रखते हैं। जो लगभग 60 कबूतरों का पालन पोषण कर उन्हें आसमान में उड़ाते थे और अपनी तीसरी मंजिल की छत पर बने दड़बे में कबूतरों को रखते थे। शुक्रवार-शनिवार की रात में एक कबर बिज्जू ने आकर दड़बे में घुसकर कबूतरों को मार दिया। जब सुबह बहादुर सिंह ने अपने कबूतरों को मरा हुआ देखा तो अचंभित हो गए और उन्होंने एक बड़ा पिंजरा दड़बे के बाहर लगाकर मरा हुआ कबूतर रख दिया। शनिवार-रविवार की रात में जब कबर बिज्जू आया और कबूतर को देख झपटा, वैसे ही पिंजरा बंद हो गया। जिसकी सूचना सर्प मित्र बाबा पंडा को दी। सर्प मित्र ने कबर बिज्जू का सफल रेस्क्यू कर उसे सावधानी पूर्वक पकड़ा और दूर जंगलों में छोड़ दिया।
बहादुर सिंह ने बताया कि 20 वर्ष से पाले हुए 60 (छोटे बड़े) सभी कबूतरों को मार दिया। जिससे लगभग एक लाख रुपए के पक्षी मर चुके हैं। हालांकि गनीमत रही कि कबर बिज्जू के प्रकोप का कोई मनुष्य शिकार नहीं हुआ और बड़ी अनहोनी पर गई। कबर बिज्जू को देखकर सभी भयभीत हो गए।







