शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 2 अक्टूबर को जिलेभर में निकलेगा संघ का पथ संचलन

भिण्ड, 01 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना सन 1925 में विजयादशमीं के दिन नागपुर में हुई थी। 2 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कई अग्नि परीक्षाओं से गुजरता हुआ अपने 100 वर्ष पूर्ण कर रहा है। संघ कई प्रतिबंधों को सफलता पूर्वक पार करते हुए विश्व का सबसे बड़ा संगठन बन गया है। इस उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शताब्दी वर्ष मना रहा है। संघ का शताब्दी वर्ष 2 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ होकर अक्टूबर 2026 तक चलेगा। संघ शताब्दी वर्ष में कई प्रकार के कार्यक्रमों की श्रृंखला पूरे वर्ष भर चलेगी। कार्यक्रमों की श्रृंखला में पहला कार्यक्रम विजयादशमीं उत्सव मण्डल एवं बस्ती में विशाल पथ संचलन आज 2 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 12 अक्टूबर तक पूरे देश भर में होंगे। इसी कार्यक्रम के तहत आज गुरुवार को लहार जिले के लहार नगर एवं कस्बों की सभी बस्तियों में विशाल पथ संचलन निकाला जाएगा। लहार नगर का पथ संचलन सुबह सात बजे पचपेड़ा हॉकरजोन से प्रारंभ होगा। दबोह का पथ संचलन सुबह 8 बजे शा. उमावि से प्रारंभ होगा। आलमपुर का पथ संचलन सुबह 9 बजे शा. कन्या विद्यालय से प्रारंभ होगा। मिहोना नगर का पथ संचलन सुबह 8 बजे शा. कन्या विद्यालय उरई रोड में मिहोना। मौ नगर का पथ संचलन सुबह 8:30 बजे स्थान गल्ला मण्डी मौ से प्रारंभ होगा एवं अमायन नगर का पथ संचलन दोपहर 2 बजे शा. उमावि अमायन से प्रारंभ होगा। बताया गया है कि पथ संचलन घोष के साथ संघ की पूर्ण गणवेश में कदम से कदम मिलाते हुए नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए निकलेगा।