हम फाउण्डेशन ने मनाई नेताजी की जयंती
भिण्ड, 23 जनवरी। भारत में स्वतंत्रता संग्राम के महानायक और जय हिंद का नारा देने वाले सुभाष चंद्र बोस की 23 जनवरी रविवार को सुभाष तिराहे पर बनी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर 125वी जयंती हम फाउण्डेशन शाखा भिण्ड द्वारा मनाई गई। इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली, प्रांतीय उपाध्यक्ष नितिन दीक्षित, प्रांतीय महासचिव प्रो. रामानंद शर्मा, जिलाध्यक्ष शैलेश सक्सेना, विपुल सेठ, शाखा सचिव योगेश शर्मा, अरविंद पावक, धीरेन्द्र श्रीवास्तव, विकास कुशवाह, दीपक प्रजापति, शिवानी बघेल, दीक्षा बघेल, प्रशांत गुर्जर, भोलेन्द्र गुर्जर, वारिस खान आदि उपस्थित थे।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर प्रो. रामानंद शर्मा ने बताया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस एक उग्र राष्ट्रवादी नेता थे, जिनकी देशभक्ति ने उन्हें भारतीय इतिहास के सबसे महान स्वतंत्रता सेनानियों में एक बना दिया। वे क्रांतिकारी नेता थे और वह किसी भी कीमत पर अंग्रेजों से किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं करना चाहते थे, उनका एकमात्र लक्ष्य था कि भारत को आजादी दिलाना। उन्होंने बताया कि नेताजी वैश्विक पराक्रम के युग पुरुष के नाम से जाने जाते थे।
कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली ने बताया कि सुभाष चंद्र बोस भारतीय इतिहास के ऐसे युग पुरुष थे, जिन्होंने आजादी की लड़ाई को एक नया मोड़ दिया था। उन्होंने बताया कि नेताजी भारतीय इतिहास का एक ऐसा चरित्र है जिसकी तुलना विश्व में किसी से नहीं की जा सकती। प्रांतीय उपाध्यक्ष नितिन दीक्षित ने बताया कि सुभाष चंद्र बोस अपने अनुयाइयों के बीच नेताजी के नाम से लोकप्रिय थे, नेताजी ने अंग्रेजों से लडऩे और भारत को उनके शासन से मुक्त कराने के लिए भारतीय राष्ट्रीय सेना, आजाद हिंद फौज की स्थापना भी की थी। हम फाउण्डेशन के जिला अध्यक्ष शैलेश सक्सेना ने बताया कि आज की युवा पीढ़ी भले ही आजादी के महत्व से अनभिज्ञ है, परंतु जिन महान सपूतों ने भारत की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है उनमें से एक सुभाष चंद्र बोस नाम भी शामिल था।