भिण्ड, 29 सितम्बर। वंचित छात्रों की शिक्षा को ध्यान में रखते हुए भारत विकास परिषद की शाखा जागृति ने यह महसूस किया कि बच्चों के हित एवं उनकी शिक्षण व्यवस्थाओं को सुदृढ बनाने के लिए किसी विद्यालय को गोद लेना आवश्यक है। पिछले दिनों शाखा के सदस्य विभिन्न शासकीय विद्यालय में गुरू वंदन-छात्र अभिनंदन के लिए गए थे। ऐसे में यह महसूस किया गया कि शासकीय विद्यालय में अनेक प्रकार के उन्नयन और सहयोग कार्य की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए शाखा जागृति द्वारा स्थानीय शासकीय माध्यमिक विद्यालय पुरानी बस्ती को गोद लेने का निर्णय किया गया है।
शाखा अध्यक्ष ऊषा नगरिया ने बताया कि शाखा का उद्देश्य वंचित वर्ग के समूह को बेहतर शिक्षा दिलाना है। इसके लिए हम सब मिलकर दान के माध्यम से उक्त विद्यालय के उन्नयन का कार्य करेंगे। सचिव सीमा त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि इसके प्रथम चरण में नवदुर्गा के दौरान उक्त विद्यालय के कच्चे प्रांगण को सीसी से पक्का करने का कार्य किया जाएगा। इस कार्य हेतु सर्व सहमति से शाखा सदस्य पवन जैन संयोजक एवं देवकांत बरुआ को सह संयोजक नियुक्त किया जाता है। इस विषय पर सभी शाखा सदस्यों ने हर्ष व्यक्त किया है और मिल-जुलकर कार्य को बढाने का प्रण भी लिया है।