भिण्ड, 29 सितम्बर। सरदार भगत सिंह की जयंती के अवसर पर शनिवार को देर रात युवाओं ने आलमपुर में नेताजी सुभाषचन्द्र बोस एवं भारत-चीन युद्ध के शहीद विजय सिंह की प्रतिमाओं पर कैण्डल जलाकर एवं नारे लगाकर शहीद भगत सिंह को याद किया।
इस मौके पर यशवंत परिहार ने कहा कि देश को आजाद कराने में क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह की अहम भूमिका रही है। भगत सिंह का जन्म 28 सितंबर 1907 को पंजाब के बंगा गांव (अब पाकिस्तान) के एक सिख परिवार में हुआ था। भगत सिंह भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के एक महान क्रांतिकारी रहे। शहीद-ए-आजम भगत सिंह ने अपनी देशभक्ति की भावना और साहस से अंग्रेजी शासन को चुनौती दी और अपने जीवन को देश के लिए समर्पित कर दिया। आज शहीद भगत सिंह की जन्म जयंती पर उनके योगदान और वीरता को याद करना हमारे लिए गर्व की बात है। इसके बाद नगर के युवाओं ने पुष्प मालाएं चढाकर एवं मोमबत्ती जलाकर इंकलाब जिंदाबाद, भारत माता की जय तथा सरदार भगत सिंह अमर रहे के नारे लगाए। इस मौके पर दद्दा भदौरिया, बशीर खान, नवीन तिवारी, शिवराज कानूनगो, मोनू सैन, शहाबुद्दीन खान, रानू तिवारी, अमित भदौरिया, सत्यम खड्डर, पुष्पेन्द्र भदौरिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।