18 को भिण्ड में रोकेंगे रेल
भिण्ड, 15 अक्टूबर। संयुक्त किसान मोर्चा एवं किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय आह्वान पर लखीमपुर खीरी में किसानों एवं पत्रकार की निर्मम हत्या के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने दशहरे के दिन शाम को पुरानी अनाज मण्डी गेट पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुतले दहन किए।
इस अवसर पर संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं मांग की कि केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त करो तीनों कृषि कानून वापस लो किसानों पर दर्ज मुकद्दमे वापस लो, जब तक सत्ता में किसानों के हत्यारों को संरक्षण मिलता रहेगा तब तक निष्पक्ष न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती, इसलिए केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री को बर्खास्त करो। इस मौके पर पुतले को अग्नि प्रदीप बाबा ने दी। किसानों ने कहा कि 18 अक्टूबर को भिण्ड रेलवे स्टेशन पर रेलगाड़ी को भी रोकेंगे। किसान आंदोलन का नेतृत्व अनिल दौनेरिया, डॉ. नदीम खान, विनोद सुमन, नरेन्द्र सिंगर, श्रीकृष्ण वाल्मीकि, अरुण यादव, महेश बघेल आदि लोगों ने किया।