लहार में जन कल्याणार्थ हुआ सामूहिक रुद्राभिषेक

भिण्ड, 02 अगस्त। लहार नगर में सावन महीने के तीसरे सोमवार को जन कल्याणार्थ सामूहिक पार्थिव रुद्राभिषेक का आयोजन मुक्तिधाम सफाई अभियान ग्रुप द्वारा सुबह नौ बजे से अग्रसेन गार्डन मां मंगला देवी मन्दिर के सामने आयोजित किया गया। यह पुनीत कार्य आचार्य पं. धर्मप्रकाश गौड़ के मार्गदर्शन में रुद्र पाठ और मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के प्रधान यजमान लालता प्रसाद बजाज रहे। नगर के 61 धर्म प्रेमी बंधुओं ने सपत्नीक/ सपरिवार इस पार्थिव रुद्राभिषेक में यजमान बनकर जन कल्याणार्थ अनुष्ठान किया। समिति द्वारा रुद्राभिषेक हेतु सहयोग राशि 201 रुपए में लगभग 71 प्रकार की पूजन सामग्री यजमानों को दी गई। सभी यजमानों द्वारा पहले पार्थिवेश्वर निर्माण करके फिर विधिवत पूजन करके अभिषेक किया गया। सभी यजमान और आयोजक गण भारतीय भेषभूषा, धोती कुर्ता, कुर्ता पायजामा तथा महिलाएं भारतीय परिधान में ही शामिल हुए। सभी यजमानों को विसर्जनोपरांत फलाहार कराया गया।