सेवानिवृत्त के बाद नए सिरे से करनी चाहिए जीवन की शुरुआत : भारद्वाज

एसडीओ शर्मा के सेवानिवृत्त होने पर श्री परशुराम सर्व ब्राह्मण संघ ने किया सम्मान

भिण्ड, 07 जून। जिले के मौ तहसील अंतर्गत ग्राम देहगांव निवासी आरपी शर्मा गत 31 मई को एसडीओ के पद से सेवानिवृत्त होकर घर लौटे तो परिवार ने उनका स्वागत सत्कार तो किया ही, विभाग द्वारा भी आरपी शर्मा का भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। इसी क्रम में श्री परशुराम सर्व ब्राह्मण संघ के पदाधिकारियों ने श्री शर्मा के निज निवास पहुंचकर उनको पुष्पहार पहनाकर भगवान परशुराम जी का प्रतीक चिन्ह भेंट कर नई पारी की शुभकामनाएं दीं।
स्वागत सम्मान के अवसर पर सारथी समूह के चेयरमैन वरिष्ठ समाजसेवी अशोक भारद्वाज ने कहा कि सेवानिवृत्त के बाद जीवन को नए सिरे से शुरुआत करनी चाहिए, जिस तरह पतझड़ के बाद बसंत आता है, हमारी जिंदगी में भी सेवा से अवकाश के बाद बसंत आता है। सेवानिवृत्त के बाद नई जिंदगी मिलती है, जिसे आप अपने मन मुताबिक जी सकते हैं, जीवन सुखमय बीते उसके लिए योजना बनानी चाहिए।
ब्राह्मण संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि सेवानिवृत्त लोगों के पास अपने क्षेत्र का अथाह अनुभव होता है, अनुभव को साझा करके समाज एवं देश की सेवा कर सकते हैं। ब्राह्मण संघ द्वारा सम्मान पाकर श्री शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया और अपने कार्यकाल के दौरान के अनुभवों को भी साझा किया। एसडीओ शर्मा का सम्मान करने वालों में मुख्य रूप से वरिष्ठ समाजसेवी अशोक भारद्वाज, वरिष्ठ समाजसेवी श्रीराम शर्मा, ब्राह्मण संघ से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा, युवा प्रदेश अध्यक्ष गिरिराज पाण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्ष अवधेश शर्मा, युवा प्रदेश सचिव पवन शर्मा, आदित्य पुरोहित (पुरखा), राघव शर्मा, नंदन शर्मा, विपुल शर्मा, मुकुल शर्मा, सागर शर्मा और आरपी शर्मा के सभी परिजन उपस्थित रहे।