भगवान बुद्ध के पंचशील विचारों का स्मरण कर समाज में जागरूकता लाएं : डॉ. रमेश दुबे

भगवान बुद्ध के आध्यात्मिक विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं : डॉ. राजौरिया
भागवत बुद्ध की 2130वीं जयंती समरसता दिवस के रूप में मनाई

भिण्ड, 16 मई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. रमेश दुबे ने कहा कि भगवान बुद्ध महानतम आध्यात्मिक गुरुओं में से एक थे, उनके द्वारा शांति भाईचारे और सद्भाव का संदेश समग्र विश्व को दिया गया था। उन्होंने अपनी अध्यात्मिक शक्ति के साथ जंगल में कठोर तपस्या की और ईश्वरी भक्ति का संचार होते ही पूरे विश्व में समाज को नई दिशा दे कर आगे बढ़ाने का कार्य किया। हम सब उनके पंचशील विचारों का स्मरण कर अनुसूचित जाति समाज के साथ-साथ सर्व समाज में जाग्रता लाएं और भगवान बुद्ध की परिकल्पना भाव को समझें। यह उद्गार उन्होंने शहर के वार्ड क्र.39 अटेर रोड चंदनपुरा में भगवान बुद्ध की 2130वीं जयंती पर विचार संगोष्ठी को मुख्य अतिथि की आसंदी से व्यक्त किए।
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. दुबे ने कहा कि भगवान बुद्ध के उपदेशों, विचार और संतोष समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य करते हैं। भगवान बुद्ध ने पूरी दुनिया को करुणा के मार्ग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भगवान गौतम बुद्ध की विचारधारा को कायम बनाए रखने के लिए एयरपोर्ट बनाने के लिए कार्य किया है, ताकि आने वाले संत सीधे उनकी जन्म स्थली तक पहुंचे। यह भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा है। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के विचारों और डॉ. भीमराव अंबेडकर के बताए हुए मार्ग को समाज के लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अंतिम छोर तक के व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोडऩे का काम कर रही है। ताकि गरीब से गरीब व्यक्ति को सक्षम बनाने का कार्य हमारी भारत सरकार और मप्र सरकार द्वारा किया जा रहा है हम सब जिसका लाभ लेकर आगे बढऩे का कार्य करें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भदंत सुभद्र महाथेरो ने बुद्ध मुस्कुराए सेवा संघ द्वारा आयोजित भगवान गौतम बुद्ध की जयंती पर कहा कि भगवान गौतम बुद्ध ने हमें जो मार्ग सिखाया है, जिसे हम अपने समाज में एक दूसरे के प्रति जागृत करते हुए उनके विचारों को आगे बढ़ाने का कार्य करें। बौद्ध धर्म ने डॉ. भीमराव अंबेडकर, संत कबीर दास, महात्मा ज्योतिवा फुले जैसे महापुरुषों ने समाज को शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा दी है। वरिष्ठ नागरिक संघ के जिला संयोजक एवं भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. शिवकुमार राजौरिया ने कहा कि हम सब भगवान बुद्ध के बताए हुए मार्ग पर चलें और एक भाईचारे के साथ चले।
भाजपा जिलामंत्री शिवप्रताप सिंह राजावत ने कहा कि भगवान गौतम बुद्ध युवावस्था में ही घर परिवार छोड़कर श्रीभक्ति का ज्ञान प्राप्त करने के लिए जंगल में चले गए और उन्होंने कठोर तपस्या के साथ ज्ञान को जागृत किया और सारी दुनिया में भगवान गौतम बुद्ध ने आध्यात्मिक विचारों के साथ हर समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। इस अवसर पर अमर सिंह साहब, भानुप्रताप जयंत, सोशल मीडिया प्रभारी भाजपा रामबाबू सिंह, योगेन्द्र शाक्य, पवन सिंह बाबूजी, तुलाराम शिक्षक, सुनील बौद्ध ने भी अपने विचारों से भगवान गौतम बुद्ध की जीवन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन बुद्ध मुस्कुराए सेवा संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार जाटव ने कया। वहीं अतिथियों का शॉल और श्रीफल के साथ सम्मान सत्यवीर ने किया। मंचासीन अतिथियों ने भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा पुष्पदीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया।