अम्बरीश शर्मा एक फ्यूज बल्व, डॉ. गोविन्द सिंह आमजन के नेता : राहुल

भिण्ड, 15 फरवरी। भाजपा नेता अम्बरीश शर्मा डॉ. गोविन्द सिंह के बयान पर टिप्पणी करने से पहले अपने गिरेबान में झांके, यह बात युवक कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री राहुल सिंह भदौरिया ने भाजपा नेता अम्बरीश शर्मा के बयान पर पलटवार करते हुए कही है।
उन्होंने कहा है कि आगामी 23 फरवरी को मप्र कांग्रेस कमेठी के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एक दिवसीय प्रवास पर भिण्ड पधार रहे हैं। कमलनाथ के आगमन को लेकर भिण्ड जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बीते दिनों पूर्व मंत्री चौ. राकेश सिंह चतुर्वेदी के निवास पर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें लहार विधायक पूर्वमंत्री डॉ. गोविन्द सिंह, गोहद विधायक मेवाराम जाटव, जिला कांग्रेस के अध्यक्ष मानसिंह कुशवाह, भिण्ड शहर कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा के अलावा जिले के कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मौजूद रहे। इस मौके पर मीडिया से चर्चा के दौरान पूर्वमंत्री लहार विधायक डॉ. गोविन्द सिंह ने देश व प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए, उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया था कि भाजपा सरकार जनता की भलाई के लिए कोई काम नहीं कर रही है, वह तो सिर्फ शहरों के नाम बदल रही है, शहरों के नाम बदलने के साथ साथ भाजपा सरकार चलाने वाले अपने बाप का भी नाम बदलें, यह आरोप प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. गोविन्द सिंह ने मीडिया के माध्यम से भाजपा सरकार पर लगाए थे, जो पूर्ण रूप से सत्य है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर भी जो आरोप लगाए हैं। वह भी सही है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ एक हिन्दू वादी संगठन है, जो हमेशा देश के विभाजन की बात करता है, इसके कार्यकर्ता कई बार देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए गए हैं,
राहुल भदौरिया ने आगे कहा कि डॉ. गोविन्द सिंह आम जनता के सच्चे जनसेवक है, इसीलिए वह सात बार से लगातार लहार विधानसभा क्षेत्र से चुनाव में विजयी होते चले आ रहे हैं, युवक कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री राहुल सिंह भदौरिया ने भाजपा नेता अम्बरीश शर्मा को नशीहत देते हुए कहा है कि अम्बरीश शर्मा पहले अपने गिरेबान में झांके कि वह किस पार्टी के नेता हैं, वह कभी कांग्रेस कभी भाजपा कभी बहुजन समाज पार्टी में रहकर डॉ. गोविन्द सिंह से चुनाव में दो-दो हाथ कर चुके हैं, लेकिन लहार क्षेत्र की जनता ने हमेशा नकार दिया है।