ग्राम स्योड़ा में जल संरक्षण हेतु संगोष्ठी आयोजित

भिण्ड, 23 जनवरी। नेहरू युवा केन्द्र के अंतर्गत शिवाजी नगर युवा मण्डल द्वारा रविवार को जल संरक्षण विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्योड़ा ग्राम सरपंच जगतपाल सिंह एवं धर्मेन्द्र सिंह मुख्य वक्ता के तौर पर उपस्थित रहे।
जगतपाल सिंह ने जल संरक्षण के लिए प्रकृति से सामंजस्य बनाए रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि भारतीय पारंपरिक ज्ञान विज्ञान को अपनाने का वक्त आ गया है। हमारे धार्मिक ग्रंथों में प्रकृति एवं संसाधनों के संरक्षण की वैज्ञानिक विधि बहुत ही समृद्ध रूप से उल्लेखित है। इसी क्रम में धर्मेन्द्र सिंह ने धरती से वनस्पति एवं जल संचयन पर लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में तकनीकी ज्ञान के सहयोग से भी आधुनिक पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं के निदान पर काम करने की उम्मीद की जानी चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शिवाजी मण्डल अध्यक्ष आदित्य दुवे ने बताया कि आर्थिक विकास के लिए पर्यावरण संतुलन निहायत जरूरी है एवं ग्रामीणजनों को जल संरक्षण हेतु शपथ ग्रहण कराई गई। मंच संचालन समीर नगर मण्डल अध्यक्ष काजल भदौरिया एवं आभार रामसेवक ने व्यक्त किया। इस अवसर विनय तोमर, शिवम आदि उपस्थित रहे।