आईजीओटी कर्मयोगी में एडीपीओ प्रवीण कुमार को प्रदेश में मिला चौथा स्थान

भिण्ड, 06 नवम्बर। भिण्ड में पदस्थ बतौर एडीपीओ प्रवीण कुमार गुप्ता को प्रदेश सरकार द्वारा जारी आईजीओटी कर्मयोगी सप्ताह आयोजन के तहत पुरुष्कृत किया गया है। जिसमें उन्हें उनके विभाग में प्रथम और प्रदेश में चौथा स्थान मिला है। इसके साथ ही गुप्ता के विभाग संचालक बीएल प्रजापति के द्वारा उन्हें प्रमाण पत्र भी सौंप दिया गया है।
भारत सरकार ने वर्ष 2020 से मिशन कर्मयोगी का क्रियान्वयन प्रारंभ किया है। मिशन कर्मयोगी का मुख्य उद्देश्य शासकीय सेवकों की कार्यशैली में सुधार लाकर उन्हें सामान्य शासकीय सेवक से कर्मयोगी बनाने के लिए क्षमता निर्माण कार्यक्रम तैयार करना है। निरंतर सीखने को सरल बनाने के उद्देश्य से शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को कभी भी कहीं से भी प्रशिक्षण प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण पोर्टल आईजीओटी निर्मित किया गया है। इस पर उपलब्ध प्रशिक्षणों के उपयोग को गति देने के उद्देश्य से देशभर में 15 से 19 सितंबर तक कर्मयोगी आईजीओटी पर सीखें सप्ताह का आयोजन किया गया था। जिसमें प्रवीण कुमार गुप्ता को अपने ही विभाग में प्रथम तथा पूरे प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि पर उपसंचालक अभियोजन अरविन्द श्रीवास्तव तथा अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त किया है।
पोर्टल पर 9 लाख से अधिक का हुआ पंजीयन
कर्मयोगी आईजीओटी सप्ताह के तहत विभाग, जिले के प्रत्येक शासकीय, संविदा, अधिकारी, कर्मचारी द्वारा सप्ताह के दौरान न्यूनतम दो प्रशिक्षण पूर्ण करना अनिवार्य है। प्रदेश के लगभग 9.36 लाख शासकीय सेवकों में से 9.06 लाख पोर्टल पर पंजीकृत हो चुके हैं। इस पोर्टल पर लोक संवकों के पंजीकरण के मामले में मप्र देश में तीसरे स्थान पर है। इस पोर्टल पर पंजीकृत अधिकारियों और कर्मचारियों में से लगभग साढ़े पांच लाख प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके हैं। इस संख्या में वृद्धि के प्रयास भी किए जा रहे हैं।