भिण्ड, 30 सितम्बर। उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग भिण्ड डॉ. संजय सिंह राठौर ने बताया कि पशुपालन एवं डेयरी विभाग मप्र शासन भोपाल द्वारा 2 से 9 अक्टूबर तक दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान आयोजित किया जाएगा। इस अभियान में 10 से अधिक दुधारू पशु रखने वाले पशुपालकों से व्यक्तिगत रूप से उनके ग्राम में भेंट की जाएगी तथा पशु नस्ल सुधार, पोषण एवं पशु स्वास्थ्य के संबंध में जागरूक किया जाएगा। यह अभियान 2 अक्टूबर को ग्राम सभाओं के माध्यम से शुरू किया जाएगा। जिले में इस अभियान को संपादित करने के लिए विभाग के 96 सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी एवं मैत्री कार्यकर्ताओं को नियुक्त किया गया है। ये कर्मचारी 560 ग्रामों/ वार्डों में 3405 पशुपालकों से ग्राम में घर पहुंच संपर्क करेंगे तथा पशु पालकों को उन्नत पशुपालन के संबंध में जागरूक करेंगे। यह अभियान का प्रथम चरण है, इसके उपरांत इसी दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के दो और चरण होंगे, जिनमें क्रमश: 5-10 पशु रखने वाले पशु पालकों तथा एक से पांच पशु रखने वाले पशुपालकों से संपर्क कर जागरूक किया जाएगा।