– एनीमिया मुक्त भारत को लेकर भाविप शाखा भिण्ड ने लगाया जागरूकता शिविर
भिण्ड, 18 सितम्बर। भारत विकास परिषद शाखा भिण्ड द्वारा शहर के कुशवाह कॉलोनी में एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत हीमोग्लोबिन जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों में एनीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसकी रोकथाम हेतु आवश्यक कदम उठाना है। शिविर में मुख्य रूप से डॉ. डीके शर्मा उपस्थित रहे।
उन्होंने लोगों को मार्गदर्शन करते हुए कहा कि एनीमिया मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य वर्ष 2022 तक एनीमिया की व्यापकता को 3 प्रतिशत प्रति वर्ष की दर से कम करना था, जिसे आगे बढ़ाते हुए अब भी चरणबद्ध रूप में देशभर में चलाया जा रहा है। यह अभियान विशेष रूप से किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों और 5-9 वर्ष की उम्र के बच्चों को लक्षित किया गया है। एनीमिया में खून की कमी के कई कारण होते हैं, जिनमें प्रमुख है थकान, कमजोरी, चक्कर आना, एनीमिया के लक्षण बहुत हल्के होते हैं। खून की कमी जब जांच में सामने आए तो जरूर डॉक्टर के बताएं, नियमों और खान-पान का पालन करें और आराम भी करें एवं आयरन युक्त भोजन हरी सब्जियां, दाल, गुड़, चुकंदर आदि का सेवन आवश्यक है।
परिषद के सचिव राजमणी शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत विकास परिषद महिला सहभागिता के अंतर्गत कई कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। एनीमिया मुक्त भारत इस अभियान की सफलता के लिए जागरुकता बढ़ाना और व्यवहार परिवर्तन करना जरूरी है। हीमोग्लोबिन जांच शिविर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की टीम द्वारा आज 112 लोगों का हीमोग्लोबिन स्तर जांचा किया गया, जिसमें 20 लोग एनीमिक पाए गए। उन्हें परिषद द्वारा गुड़ एवं भुने हुए चने वितरण किए गए। किशोरियों, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को नि:शुल्क आयरन एवं फोलिक एसिड दवा वितरित की गईं। कार्यक्रम में परिषद परिवार से कोषाध्यक्ष रेखा भदौरिया, महिला सहभागिता प्रमुख रेखा शुक्ला, टेक्नीशियन ज्योति, राधा राजावत आदि उपस्थित रहे।