रण-बांकुरों की धरा ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

– मुख्यमंत्री ने लहार में खोला सौगातों का पिटारा, 117.71 करोड के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन
– चंदावली-रोहिनी सिंह पुरा मौजा की 100 बीघा जमीन पर बनेगा नया औद्योगिक केन्द्र
– मछण्ड व असवार को नगर परिषद बनाने की घोषणा
– शासकीय महाविद्यालय का नाम महारानी अहिल्याबाई होल्कर होगा
– करधेन व भाटन तालाब का होगा जीर्णोद्धार
– लहार में हुआ स्वसहायता समूह सम्मेलन सह विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह

भिण्ड, 23 मई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर-चंबल की धरा रण-बांकुरों की धरा है। चंबल क्षेत्र के सैनिक देश की सीमा पर सीना तानकर खडे हैं। यहां का अतीत सदैव से गौरवशाली रहा है। इसलिए लहार सहित संपूर्ण चंबल क्षेत्र के विकास के लिए सरकार कटिबद्ध है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को भिण्ड जिले के तहसील मुख्यालय लहार स्थित मां मंगलादेवी मैदान में आयोजित हुए स्व-सहायता समूह सम्मेलन सह विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 117 करोड 71 लाख रुपए लागत के 50 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। उनमें 64 करोड 7 लाख रुपए लागत के 17 कार्यों का लोकार्पण व 53 करोड 64 लाख रुपए लागत के 33 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सौगातों का पिटारा खोलकर लहार क्षेत्र को नई-नई सौगातें भी दीं। उन्होंने घोषणा की कि लहार तहसील के अंतर्गत चंदावली रोहिनी सिंह पुरा मौजा की 100 बीघा जमीन पर नया औद्योगिक केन्द्र बनाया जायेगा, जहां सभी प्रकार के कारखाने लगेंगे। उन्होंने ग्राम पंचायत मछण्ड व असवार को नगर परिषद बनाने एवं आलमपुर के शासकीय महाविद्यालय का नाम महारानी अहिल्याबाई करने की घोषणा की। साथ ही लहार क्षेत्र में स्थित मल्हार राव होल्कर की छत्री का जीर्णोद्धार एवं जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत करधन व भाटन तालाब का जीर्णोद्धार कराने की घोषणा भी उन्होंने की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वामित्व योजना के तहत हितग्राहियों को पट्टे व उद्यम क्रांति योजना सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में अव्वल रहे विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, क्षेत्रीय सांसद संध्या राय, विधायक भिण्ड नरेन्द्र सिंह कुशवाह, लहार क्षेत्र के विधायक अम्बरीश शर्मा गुड्डू, जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, पूर्वमंत्री व भाजपा अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, पूर्वमंत्री ओपीएस भदौरिया, पूर्व सांसद अशोक अर्गल व भाजपा जिलाध्यक्ष भिण्ड देवेन्द्र सिंह नरवरिया, आयुक्त चंबल संभाग संजीव झा, आईजी शुसांत सक्सैना, कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव, अन्य जिला अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मंचासीन थे।
प्रदेश में खेती पर आधारित इण्डस्ट्रीज को दिया जाएगा बढावा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मप्र में गेहूं, सरसों व सोयाबीन का रिकार्ड उत्पादन हो रहा है। मप्र की पहचान अब अनाज के कटोरे के रूप में होती है। उन्होंने कहा प्रदेश के किसान समृद्ध हों, इस उद्देश्य से प्रदेश में खेती पर आधारित इण्डस्ट्री (औद्योगिकीकरण) को बढावा दिया जायेगा।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश पूरी तरह सुरक्षित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश व प्रदेश के साथ ग्वालियर-चंबल क्षेत्र भी तेजी से प्रगति कर रहा है। साथ ही उनके नेतृत्व में देश पूरी तरह सुरक्षित है। कश्मीर में बेकसूर व निहत्थे लोगों की हत्या करने वाले नापाक व कायर आतंकियों को उनके घर में घुसकर 25 मिनट के भीतर नेस्तनाबूद किया गया है।
प्रदेश में सिंचाई का रकबा 100 लाख हैक्टेयर तक पहुंचाएंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा लगातार बढ रहा है। पहले मात्र 7 लाख हैक्टेयर में सिंचाई होती थी जो अब बढकर 55 लाख हैक्टेयर हो गया है, जिसे 100 लाख हैक्टेयर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की मंशा के अनुरूप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पार्वती-काली सिंध व चंबल एवं केन-बेतवा नदी जोडो परियोजना की मंजूरी दिलाई है। इससे मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश व राजस्थान के बडे क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा मिलेगी। साथ ही पेयजल संबंधी समस्या का भी स्थाई समाधान होगा।
किसानों को बिजली बिल से दिलाएंगे छुट्टी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में किसान आधारित सरकार काबिज है। सरकार प्रदेश के किसानों को मात्र 5 रुपए में पांच हॉर्सपावर का कनेक्शन सिंचाई के लिए देगी। साथ ही किसानों को बिजली के बिल से छुट्टी दिलाई जाएगी। इस दिशा में सरकार किसानों को पांच लाख रुपए तक का सोलर सिस्टम मात्र 10 प्रतिशत प्रीमियम पर उपलब्ध कराएगी। सरकार 4 लाख 75 हजार रूपए स्वयं भरेगी।
घायल को अस्पतालों पहुंचाने वाले को सरकार देगी 25 हजार रुपए
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मानवता का परिचय देकर सडक दुर्घटना में घायल लोगों को अस्पताल तक पहुंचाने वाले नागरिकों के प्रोत्साहन के लिए सरकार ने राहगीर योजना शुरू की है। जिसके तहत 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
एयर एम्बूलेंस से गंभीर मरीजों का बचाएंगे जीवन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गंभीर रूप से बीमार मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा एयर एम्बूलेंस सेवा शुरू की गई है। इस सेवा के तहत हैलीकॉप्टर के माध्यम से छोटे-छोटे शहरों से देश के महानगरों में स्थित बडे-बडे अस्पतालों में सरकार आयुष्मान कार्डधारी मरीजों को भी उत्कृष्ट इलाज के लिए पहुंचाने का काम हैलीकॉप्टर एम्बूलेंस के जरिए कर रही है। इसी तरह सरकार द्वारा अस्पताल से गांव तक शव पहुंचाने के लिए नि:शुल्क सेवा शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के विकास को नई गति मिली : मंत्री शुक्ला
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने भी कार्यक्रम में विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के विकास को नई गति मिली है। मुख्यमंत्री ने इसी भाव के साथ आज लहार क्षेत्र के लिये विकास की बडी-बडी सौगातें दी हैं।
क्षेत्रीय सांसद संध्या राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश को विकसित राज्य बनाने में जुटे हैं।
लहार विधायक अम्बरीश शर्मा गुड्डू ने स्वागत उदबोधन दिया। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए विकास कार्यों की बडी-बडी सौगातें देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति संपूर्ण क्षेत्र वासियों की ओर से धन्यवाद व्यक्त किया। साथ ही भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव आगे भी लहार क्षेत्र के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोडेंगे। आरंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन एवं कन्या पूजन कर स्व-सहायता समूह सम्मेलन सह विकास कार्यों के लोकार्पण व भूमिपूजन समारोह का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री के प्रथम बार लहार आगमन पर सजाया नगर
मप्र के मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर विधायक अम्बरीश शर्मा गुड्डू द्वारा नगर को एक ऐतिहासिक तरीके से सजाया गया था। नवीन गल्ला मण्डी हेलीपैड से लेकर मां मंगला देवी मन्दिर मेला ग्राउण्ड तक नगर को दुल्हन की तरह सजाया गया। कदम-कदम पर स्वागत द्वारा बनाए गए एवं दो किमी लंबी सडक पर कारपेट बिछाई गई। जिस मार्ग से प्रदेश के मुख्यमंत्री सभा स्थल पर पहुंचे वहां तक मुख्य सडक पर कारपेट बिछाई गई। मुख्यमंत्री का काफिला कारपेट से ही गुजरता हुआ सभा स्थल तक पहुंचा। हेलीपैड से लेकर सीएम का जगह-जगह रास्ते में लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया एवं आधा सैकडा जेसीबी मशीनें सडक किनारे लगाई गई, जिनके द्वारा सीएम के काफिले पर पुष्प वर्षा कराई गई।