दशहरा पर हुआ भगवान शिव का श्रृंगार, जिले भर में मनाया दशहरा पर्व

भिण्ड, 15 अक्टूबर। जिलेभर में बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। दहशरा पर्व पर हर वर्ष की भांति इस बार भी शहर के वनखण्डेश्वर मंदिर में विराजमान भगवान शिव को पुष्पों द्वारा सजाया गया। उनका विधि-विधान से मंत्रोच्चार के साथ श्रंृगार किया गया। वनखण्डेश्वर महाराज की श्रृंगार के बाद छवि देखते ही बन रही थी। इस मौके पर अनेक श्रृद्धालुओं ने भगवान शिवजी के विशेष श्रृंगार के दर्शन किए।। दशहरा पर बुराई के प्रतीक रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाता है। मन्दिरों में दशहरा उत्सव के समय 50 फीसदी क्षमता के साथ लोगों को प्रवेश दिया गया। कोरोना के चलते इस बार दशहरा उत्सव का आयोजन छोटे स्तर पर किया गया। अन्य सालों की तरह मन्दिर में दर्शन और दशहरा उत्सव देखने आने वाले लोगों में कुछ खास उत्साह दिखाई नहीं दिया।

मां दुर्गा को दी गई विदाई

दशहरा के अवसर पर जिलेभर के माता मन्दिरों में स्थापित मां दुर्गा के दर्शनों के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। सुबह से ही हजारों की तादाद में लोग दर्शनों के लिए पहुंचे। यहां सुबह ग्यारह से साढ़े ग्यारह बजे तक मां दुर्गा का पूजन करने के बाद सिंदूर खेला खेलकर मां की विदाई की गई। हालांकि कई स्थानों पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन गुरुवार नौवीं के रोज शाम को ही कर दिया गया था।