रविवार को जन्म से पांच वर्ष तक के लगभग पौने तीन लाख बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य
भिण्ड, 08 दिसम्बर। कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में पल्स पोलियो अभियान 10 दिसंबर रविवार को 2665 बूथ लगाकर जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो से सुरक्षा हेतु दो बूंद पल्स पोलियो की दबा पिलाई जाएगी। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि प्रथम दिवस ही बूथ पर अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाए।
पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन हेतु शहर में रैली ऑन व्हील्स का आयोजन किया गया, जिसको मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिवराम सिंह कुशवाह ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली के आयोजन के साथ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुशवाह ने जिले के समस्त अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने जन्म से पाच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो बूथ पर लाकर दवा अवश्य पिलाएं।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सुमित सिंह भदौरिया ने बताया कि इस हेतु समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई है, जिसमे जन्म से पांच वर्ष तक के लगभग पौने तीन लाख बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इस हेतु 5334 कार्यकर्ता पल्स पोलियो की दवा पिलाएंगे, जिनमें 55 टीमें जिले में मोबाईल टीम की तरह कार्य करेगी तथा 36 टीमें बस स्टेण्ड तथा जिले के आवागमन स्थलों पर लगाई जाएगी। पल्स पोलियो की सतत मॉनीटरिंग हेतु 258 सुपर वाईजर नियुक्त किए गए हैं। अभियान की सतत मॉनिटरिंग हेतु जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को इंटरनल मॉनिटर नियुक्त किया गया है, जिसमें डॉ. एसके व्यास ब्लॉक अटेर, डॉ. आलोक शर्मा भिण्ड अर्बन, डॉ. डीके शर्मा ब्लॉक फूफ, डॉ. अवधेश सोनी ब्लॉक मेहगांव, राजेश शर्मा डीपीएम रौन, अजय सिंह व्हीसीएम ब्लॉक लहार तथा सुधीर गौतम जिला कोल्डचौन टेक्निशियन को गोहद ब्लॉक आवंटित किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि किन्हीं कारणों से जो बच्चे छूट जाते हैं, उन्हें 11 एवं 12 दिसंबर को घर घर जाकर पोलियो की दो-दो बूंद दवा पिलाई जाएगी।