आज धूमधाम से मनाया जाएगा श्रीराम जन्मोत्सव

भिण्ड, 09 अप्रैल। हनुमान बजरिया स्थित श्रीराम जानकी मन्दिर में 10 अप्रैल को राम जन्मोत्सव की तैयारी को लेकर श्रीराम जानकी मन्दिर ट्रस्ट की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तय किया गया कि श्रीराम जन्मोत्सव के अवसर पर मन्दिर परिसर में रामायण पाठ एवं चलित भण्डारा होगा। मन्दिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया जाएगा एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी होंगे। श्रीराम जानकी मन्दिर ट्रस्ट हनुमान बजरिया भिण्ड के सचिव शोभित अग्रवाल ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अपील की है कि राम नवमी को श्रीराम दरबार के दर्शन कर धार्मिक लाभ प्राप्त करें।

भगवान राम जन्मोत्सव पर विशाल रथ यात्रा आज

लहार। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जन्मोत्सव रामनवमी पर नगर लहार में भव्य रथ यात्रा 10 अप्रैल को सुबह 9:30 बजे नगर के न्यू बस स्टैण्ड से निकल कर पचपेड़ा तिराहा पहुंचेगी। जहां से यात्रा मंशापूर्ण प्रांगण पुरानी तहसील रामलला दरबार में पहुंचेगी। जहां भव्य तरीके से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान रामजी का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जिसमें हिन्दू उत्सव समिति ने नगर के धर्म प्रेमी बंधुओं से निवेदन किया है कि अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में सम्मलित होकर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का जन्मोत्सव मनाकर अपने जीवन को धन्य बनाएं।