नगर कांग्रेस ने भगत सिंह, राजगुरू, सुखदेव की शहादत दिवस पर पुष्पांजलि अर्पित की

भिण्ड, 23 मार्च। अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरू एवं सुखदेव की शहादत दिवस पर नगर कांग्रेस भिण्ड द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर शहर जिलाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा ने कहा कि अमृतसर में 13 अप्रैल 1919 को हुए जलियांवाला बाग हत्याकाण्ड ने भगत सिंह की सोच पर इतना गहरा प्रभाव डाला कि लाहौर के नेशनल कॉलेज की पढ़ाई छोड़कर भगत सिंह ने भारत की आजादी के लिए नौजवान भारत सभा की स्थापना की। काकोरी काण्ड में रामप्रसाद बिस्मिल सहित चार क्रांतिकारियों को फांसी व 16 अन्य को कारावास की सजा से भगत सिंह इतने ज्यादा बेचैन हुए कि चंद्रशेखर आजाद के साथ उनकी पार्टी हिन्दुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन से जुड़ गए और उसे एक नया नाम दिया हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन। इस संगठन का उद्देश्य सेवा, त्याग और पीड़ा झेल सकने वाले नवयुवक तैयार करना था।
नगर अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी ने कहा कि भगत सिंह ने राजगुरु के साथ मिल कर 17 दिसंबर 1928 को लाहौर में सहायक पुलिस अधीक्षक रहे अंग्रेज अधिकारी जेपी सांडर्स को मारा। इस कार्रवाई में क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद ने भी उनकी पूरी सहायता की। इसके बाद भगत सिंह ने अपने क्रांतिकारी साथी बटुकेश्वर दत्त के साथ मिलकर अलीपुर रोड दिल्ली स्थित ब्रिटिश भारत की तत्कालीन सेंट्रल असेंबली के सभागार में आठ अप्रैल 1929 को अंग्रेज सरकार को जगाने के लिए बम और पर्चे फेंके। बम फेंकने के बाद वहीं पर उन दोनों ने अपनी गिरफ्तारी भी दी।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रेखा भदोरिया, संदीप मिश्रा, बृजेन्द्र सिंह कल्लू, अजय शर्मा, राहुल कुशवाह, दर्शन सिंह तोमर, बलराम जाटव, शैलेन्द्र भदौरिया, राजेश शर्मा, अशोक गुप्ता, कुलदीप भारद्वाज, राजू लोधी, आयुष मिश्रा, नीरज पाठक, आनंद शाक्य, मनोज जैन, पिंटू शर्मा, बृजेश जैन, सुखप्रीत मिश्रा, सोनू कुशवाह, रामजीलाल शाक्य, अंकित तोमर, नीरज त्रिपाठी, प्रेम नारायण शर्मा, शिबू जैन आदि कांग्रेसी उपस्थित थे।