कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूचियां में नाम बढ़वाएं : नरवरिया

-मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण संबंधी मण्डल स्तरीय कार्यशाला आयोजित

भिण्ड, 06 नवम्बर। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर भिण्ड महाराणा प्राताप मण्डल भाजपा जिला कार्यालय पीडब्ल्यूडी कॉलोनी एवं मेहगांव मंडल स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। पार्टी जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के सुदृढ़ संचालन के लिए जागरूक और जिम्मेदार मतदाता अत्यंत आवश्यक हैं। उनकी सक्रिय भागीदारी से ही सही और सक्षम सरकार का गठन संभव हो पाता है तथा देश की नीतियां जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप बनती हैं।
उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग ईमानदारी,समझदारी और राष्ट्रहित की भावना से करते हैं, तभी लोकतंत्र मजबूत और सशक्त बनता है। यदि मतदाता सूची में अवांछित नाम शामिल होकर मतदान करते हैं, तो लोकतंत्र की नींव कमजोर पड़ती है। इसी उद्देश्य से निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया संचालित की जा रही है, ताकि मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
नरवरिया ने कहा कि हमें अपनी बूथ समिति की बैठक करके काम में जुट जाना है। 4 दिसम्बर तक हमें मतदाताओं के नाम दे देना है और 9 दिसंबर को तदर्थ सूची घोषित होगी। इसके बाद हमें सतर्क होकर काम करना है। यह ध्यान रखना है कि सूची में कोई बोगस मतदाता न जुड़ पाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को सुव्यवस्थित और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। इसका उद्देश्य किसी वैध मतदाता को मताधिकार से वंचित करना नहीं, बल्कि मतदाता सूची को सही और निष्पक्ष बनाना है। कार्यशाला में भाजपा प्रदेश कायसमिति सदस्य कृष्णकांता तोमर, मण्डल अध्यक्ष शेरू पचैरी, गीता भदौरिया, जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र शर्मा, महामंत्री अरविंद सिंह भदौरिया, शोभित अग्रवाल, पदाधिकारी, एसआईआर के जिला संयोजक, विधानसभा प्रतिनिधि बीएलए-1 उपस्थित रहे।