जिले में किसानों को खाद देने में प्रशासन पूरी तरह से विफल : भदौरिया

– स्थानीय भाजपा नेताओं के दवाब में नपा बनी भ्रष्टाचार का अड्डा

भिण्ड, 16 सितम्बर। जिले में किसानों को खाद नहीं मिल रही, न ही निजी दुकानों में खाद उपलब्ध है और न ही सरकारी वितरण केन्द्रों पर। किसानों को मजबूरी में सुबह 4 बजे से ही लाइन में लगना पड़ रहा है। खाद वितरण केन्द्र पर किसानों की लंबी लंबी लाइनें देखी जा रही है। खाद आपूर्ति को लेकर भाजपा नेता बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि किसानों को खाद पर भाजपा नेता कालाबाजारी कर अपनी जेबें भरने का कार्य कर रहे हैं। यह बात शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया पिंकी ने प्रमोद चौधरी मैरिज गार्डन में आयोजित प्रेसवार्ता में कही।
उन्होंने नगर पालिका में भ्रष्टाचार होने के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह स्थानीय विधायक, सांसद और मंत्रियों के दबाव में काम कर रहा है, लेकिन कोई भी कुछ कहने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा जगह-जगह वार्डों में गंदगी और रोड पर कीचड़ के अंबार लगे हुए हुए है, जलभराव की स्थिती बनी हुई है। और नगर पालिका भ्रष्टाचार में डूबी हुई है जो एक लाख, से लेकर पांच लाख के कार्य ऑफ लाईन बिना टेंडर के बिना कार्य किए ही पेमेंट हो रहे है। विकास की कोई योजना नहीं बन रही हैं और न किसी योजना को पास करने हेतु पार्षदों को विश्वास में लिया जा रहा है। यही वजह है कि जनता के काम नगर पालिका प्रशासन द्वारा पूरी तरह अनदेखी का शिकार हो रहे हैं। यदि हालात नहीं सुधरे तो इन समस्याओं को लेकर कांग्रेस प्रत्येक वार्ड में जाकर जनसमस्याओं को एकत्रित कर विशाल आंदोलन करेगी।
एक माह के अंदर बनेगी नई कार्यकारिणी
कांग्रेस अध्यक्ष भदौरिया ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस के निर्देश के अनुसार एक माह के अंदर वार्ड अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष और जिले की कार्यकारिणी घोषित कर दूंगा। जिसमें हमेशा सक्रिय रहने वाले कार्यकर्ताओं और जातिगत संतुलन, महिलाओं की भागीदारी का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत शहर कांग्रेस हस्ताक्षर अभियान भी जल्द शुरू करेगी।
यह भी रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में पूर्व अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा, प्रदेश सह सचिव मनोज दैपुरिया, सेवादल अध्यक्ष संदीप मिश्रा, संगठन मंत्री इरशाद अहमद, नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष राहुल कुशवाह, महिला अध्यक्ष रेखा भदौरिया, अटेर अध्यक्ष अरविन्द बघेल, कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज एवं पंकज त्रिपाठी, नगर अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी, विवेक पचौरी, वीरेन्द्र यादव, पानसिंह सुमन, बलराम जाटव, दर्शन तोमर, पार्षद मनीष पुरोहित एवं दीपक शर्मा आदि उपस्थित थे।