विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने दंदरौआ धाम किया श्रीराम कथा का श्रवण

– डॉक्टर हनुमान की पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
– आचार्य अवधेशानंद गिरि महाराज से लिया आशीर्वाद

भिण्ड, 12 नवम्बर। मप्र विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने दंदरौआ धाम पहुंचकर डॉक्टर हनुमान की विधि विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना की। उन्होंने वहां प्रदेश की उत्तरोत्तर वृद्धि, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रदेश वासियों के आर्थिक व सामाजिक विकास और समृद्धि के लिए आशीर्वाद लिया।
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर भिण्ड जिले के दंदरौआ धाम परिसर में आयोजित श्रीरामकथा में शामिल हुए। उन्होंने आचार्य अवधेशानंद गिरि महाराज को शॉल, श्रीफल और पुष्प गुच्छ भेंटकर आशीर्वाद प्राप्त किया और उनसे आध्यात्मिक ऊर्जा और मार्गदर्शन ग्रहण किया। तोमर ने श्रीराम कथा में शामिल होकर श्रद्धा, भक्ति-भाव से कथा का श्रवण कर धार्मिक वातावरण को आत्मसात किया।
दंदरौआ धाम मन्दिर परिसर में 15 नवंबर तक आचार्य अवधेशानन्द गिरि महाराज के श्रीमुख से श्रीमद् वाल्मीकीय रामायण पर आधारित श्रीराम कथा का दिव्य आयोजन किया जा रहा है। श्रीराम कथा का आयोजन दंदरौआ सरकार तीर्थ के पीठाधीश 1008 महामण्डलेश्वर रामदास महाराज के पावन सानिध्य में हो रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि आचार्य के श्रीमुख से प्रवाहित श्रीराम कथा न केवल इस क्षेत्र को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान करेगी, बल्कि सम्पूर्ण मध्य भारत में धर्म, संस्कार और भारतीय संस्कृति के पुनर्जागरण में नूतन चेतना का संचार करेगी।